जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: बुल्ली बाई ऐप की तरह ही मुस्लिम महिलाओं की बोली लगाने वाले ‘सुल्ली डील’ ऐप के क्रिएटर को दिल्ली पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से ओंकारेश्वर ठाकुर नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। सुल्ली डील में मुस्लिम महिलाओं की फोटो से छेड़छाड़ कर उनकी बोली लगाई जा रही थी। पिछले साल ये मामला सामने आया था।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि, इस मामले में अभी और गिरफ्तारियां संभव हैं। गिरफ्तार आरोपी के बयान के मुताबिक, सुल्ली डील मामले में और भी लोग शामिल हैं। दिल्ली पुलिस ने बताया है कि, ‘सुल्ली डील्स’ मामले में इंदौर के न्यूयॉर्क सिटी टाउनशिप से ओंकारेश्वर ठाकुर नामक शख्स को हिरासत में लिया गया है। आरोपी की उम्र 26 साल बताई जा रही है और उसने इंदौर की आईपीएस एकेडमी से बीसीए किया है।
मुस्लिम महिलाएं टारगेट
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि ओंकारेश्वर ठाकुर ट्विटर पर मुस्लिम महिलाओं को बदनाम करने के लिए एक ग्रुप बनाया था। आरोपी ने गिटहब पर कोड विकसित किया था और ग्रुप के सभी सदस्यों के पास गिटहब का एक्सेस था। उसने ट्विटर अकाउंट पर ऐप को शेयर किया था और ग्रुप के सदस्य मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें शेयर करते थे। आरोपी का टारगेट मुस्लिम महिलाएं थी। इस घिनौने कृत्य के पीछे आरोपियों की क्या मानसिकता है पुलिस इसका पता लगा रही है।