जनतंत्र डेस्क Uttarakhand: देश के कई राज्यों में आसमानी आफत बरस रही है। उत्तराखंड से लेकर केरल तक भारी बारिश से तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। केरल में जानलेवा बारिश ने कई लोगों को लील लिया, तो वहीं, अब उत्तराखंड में भी हालात मुश्किल बने हुए हैं। भारी बारिश के कारण नदी नाले उफान पर है, बांध ओवरफ्लो हो रहे हैं। ऐसे में प्रशासन को कई बांधों के गेट भी खोलने पड़ रहे हैं। बाढ़ और भूस्खलन के चलते कई लोगों की जिंदगी खतरे में आ गई है। केरल में तबाही की तस्वीरों के बाद अब उत्तराखंड से भी परेशान करने वाली कई तस्वीरें हमारे सामने आ रहे हैं। उत्तराखंड के बद्रीनाथ नेशनल हाईवे से ऐसी ही तस्वीर सामने आई है। नाले में फंसी एक कार को क्रेन की मदद से निकाला जा रहा है।
सोमवार शाम हाईवे के पास उफनते लंबागढ़ नाले में फंसी एक कार को क्रेन की मदद से निकाला गया। कार में यात्री भी सवार थे। भूस्खलन के चलते कार नाले में पत्थरों की वजह से फंस गई थी। बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन ने इसका रेस्क्यू किया। वहीं उत्तराखंड के चंपावत में चल्थी नदी में पानी के तेज बहाव की वजह से अंडर कंस्ट्रक्शन ब्रिज गह गया।
Uttarakhand: रेड अलर्ट जारी
उत्तराखंड में तीन दिन से तेज बारिश हो रही है। इसमें नेपाल के तीन मजदूरों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हुए हैं। उत्तराखंड सरकार ने मौसम ठीक होने तक चारधाम यात्रा को भी रोक दिया है। हिमालय के मंदिरों की तरफ जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई है। साथ ही मौसम विभाग ने भारी बारिस का रेड अलर्ट जारी किया हुआ है।
Uttarakhand: खतरे के निशान पर गंगा
पहाड़ों पर हो रही मूसलाधार बारिश के चलते हरिद्वार में गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में गंगा खतरे के निशान से उपर बह रही है। जिसके बाद प्रशासन ने एहतियातन हरिद्वार से कानपुर तक जाने वाली ऊपरी खंड गंग नहर को बंद किया हुआ है। वहीं, नीलधारा से लक्सर की ओर जाने वाली नहर के किनारे बसे लोगों को सेफ एरिया में शिफ्ट किया जा रहा है। बारिश के कारण भूस्खलन और चट्टान ढहने की खबरे लगातार मिल रही हैं। कई मकान जमींदोज हो गए। जिससे लोगों का जनजनीवन बूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया। उधर हल्द्वानी- गौला पुल बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया।
उत्तराखंड में भारी बारिश से अभी राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मंगलवार को भी मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया हुआ है। ऐसे में अगले 24 घंटे प्रदेश के लिए काफी अहम होंगे। हालांकि इस बीच प्रशासन और बचाव दल राहत कार्य में जुटी हुई हैं। लोगों को नदी पर बसे इलाकों से हटाया जा रहा है। साथ ही कई मार्गों को भी बंद कर दिया गया। वहीं, केरल में बाढ़ के कारण अब तक लगभग 30 लोग जान गवां चुके हैं।