जनतंत्र डेस्क Cricket: राहुल द्रविड़ टीम इंडिया के कोच बन गए हैं। जिसके बाद दिग्गज भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण नेशनल क्रिकेट एकेडमी के नए हेड बनाए गए हैं। इससे पहले NCA के प्रमुख राहुल द्रविड़ थे। कहा जा रहा है, BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली के मनाने के बाद लक्ष्मण इस पद के लिए माने हैं। पहले उन्होंने इस पद को संभालने से इंकार कर दिया था।
BCCI के एक अधिकारी के मुताबिक, ‘लक्ष्मण अपनी शर्तों पर NCA प्रमुख बनने को तैयार हुए हैं। सौरव गांगुली और सेक्रेटरी जय शाह यही चाहते थे, क्योंकि द्रविड़ और लक्ष्मण की समझ कमाल की है और ये टीम इंडिया और NCA दोनों के लिए बहुत अच्छा रहेगा। उनके अपॉइंटमेंट के नियम और शर्तों पर काम जारी है। बताया जा रहा है लक्ष्मण का NCA हेड बनना लंबी प्रक्रिया का हिस्सा है।
टीम इंडिया के कोच बनने की थी अटकलें
NCA के प्रमुख बनने के बाद वीवीएस लक्ष्मण IPL में हैदराबाद के मेंटर नहीं रह पाएंगे, क्योंकि BCCI के नियमों के मुताबिक NCA के हेड रहते आप क्रिकेट की कोई और जिम्मेदारी नहीं ले सकते हैं। वहीं, रवि शास्त्री की जगह लक्ष्मण टीम इंडिया का कोच बनना चाहते थे। राहुल द्रविड़ अगर ये पद नहीं संभालते तो लक्ष्मण ही विकल्प थे। लक्ष्मण ने टीम इंडिया के लिए 134 टेस्ट और 86 वनडे मैच खेले हैं।