नई दिल्ली: पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का शनिवार की दोपहर को दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अरुण जेटली के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने जेटली के निधन के चलते अपना मधुरा दौरा रद्द कर दिया।
सीएम योगी ने कहा कि अरुण जेटली को संगठन ने जो भी जिम्मेदारी सौंपी, उसे उन्होंने कुशलता पूर्वक किया और उसे ऊंचाइयों तक पहुंचाया। वह जेटली के निधन के चलते दिल्ली रवाना हुए।
इससे पहले सीएम योगी ने कहा कि पूर्व वित्त मंत्री के जाने से देश और पार्टी को अपूर्णीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि वह उत्कृष्ट वक्ता थे, संसदीय प्रणाली के अद्भुत जानकार थे। उन्होंने कहा कि अरुण जेटली की रिक्तता का अहसास हमें लंबे समय तक होता रहेगा।
बता दें कि बीजेपी दफ्तर में आज जब अरुण जेटली का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, तो बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं सहित कई अन्य दलों के नेता भी पार्टी दफ्तर पहुंचे और देश के बड़े नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अरुण जेटली का पार्थिव शरीर पार्टी मुख्यालय से अब निगमबोध घाट ले जाया गया। जेटली की अंतिम यात्रा में भी लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा और हर कोई मायूस व ग़मगीन नज़र आ रहा था।