केदारनाथ और बद्रीनाथ में बर्फबारी शुरु
देहरादून- उत्तराखंड में अक्टूबर के महीनें में ही बर्फबारी की शुरुआत हो गई है । केदारनाथ और बद्रीनाथ में जबरदस्त बर्फबारी देखने को मिल रही है। अक्टूबर के महीने में जबरदस्त बर्फबारी शुरू होने से पूरे इलाके में ठंड बढ़ गई है। इस बर्फबारी से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
केदारनाथ और बद्रीनाथ में बर्फबारी से घरों और पहाड़ों पर सफेद बर्फ़ की चादर सी बिछ गई हैं। इस साल केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला था।
इस साल मई महीने में केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक भजन कीर्तन के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। बद्रीनाथ को भगवान विष्णु का धाम माना जाता है, जबकि केदारनाथ को भगवान शिव का धाम माना जाता है।
वहीं बताया जा रहा है कि इस महीने के आखिरी तक केदारनाथ और बद्रीनाथ के कपाट बंद हो जाएंगे। ठंड बढ़ने के चलते कपाट को बंद किया जाता है। हर साल केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के धाम के कपाट अक्टूबर-नवंबर में बंद किए जाते हैं और 6 महीने तक बंद रहते हैं।
इसके बाद अप्रैल-मई में इन धामों के कपाट फिर खोल दिए जाते हैं। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में काफी संख्या में श्रद्धालु हर साल पहुंचते हैं और यात्री अपनी यात्रा पूरी श्रद्धा से पूरा करते हैं।