जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: चीन अपनी कायराना हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले में 17 साल के एक लड़के को किडनैप कर लिया। अरुणाचल के सांसद तपीर गाओ ने इस घटना की जानकारी दी। PLA ने जिस लड़के को किडनैप किया है उसका नाम मिराम टैरोन है।
सांसद तपीर गाओ ने मामले की जानकारी गृहराज्य मंत्री एन प्रमाणिक को दी है। न्यूज एजेंसी PTI को फोन कर सांसद गाओ ने कहा, मिराम का एक दोस्त जॉनी यायिंग चीनी सैनिकों के पास से भागने में कामयाब रहा है। यायिंग ने भागने के बाद स्थानीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सांसद तपीर गाओ ने मिराम की रिहाई के लिए जरूरी कदम उठाने का अनुरोध किया है।
सांसद तपीर गाओ के मुताबिक, जिस जगह से त्सांगपो नदी भारत में एंट्री करती है, ये घटना वहीं हुई है। त्सांगपो को अरुणाचल प्रदेश में सियांग और असम में ब्रह्मपुत्र कहा जाता है। सांसद ने बताया कि यह लुंगता जोर एरिया में आता है। चीन ने 2018 में इस एरिया में 3-4 किलोमीटर तक सड़क बना ली थी। यह इलाका सियुंग्ला के अंडर आता है।
मिराम जिदो गांव का रहने वाला है। सांसद गाओ ने ट्विटर पर मामले की जानकारी देते हुए, पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और इंडियन आर्मी को ट्विटर पर भी टैग किया है। दरअसल, अरुणाचल प्रदेश की 1,080 किमी लंबी सीमा चीन से लगी है। इसके अलावा 520 किमी लंबी सीमा म्यांमार और 217 किमी लंबी सीमा भूटान से भी लगी है।
सितंबर 2020 में भी PLA ने अरुणाचल प्रदेश के सुबनसिरी जिले से पांच युवकों का अपहरण कर लिया था और लगभग एक हफ्ते बाद उन्हें रिहा किया था।