नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। अब पार्टी को नए अध्यक्ष की तलाश है। अगले हफ्ते कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक बुलाई जा सकती है, जिसमें अंतरिम अध्यक्ष पर फैसला हो सकता है। जब तक पार्टी को नया अध्यक्ष नहीं मिल जाता, तब तक अंतरिम अध्यक्ष ही पूरा कामकाज संभालेंगे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया है। अब सवाल ये है कि राहुल के बाद अध्यक्ष पद की कमान किसको सौंपी जाएगा। राहुल गांधी पहले ही साफ कर चुके हैं कि गांधी परिवार का कोई भी सदस्य कांग्रेस अध्यक्ष नहीं बनेगा।
राहुल गांधी के सार्वजनिक तौर पर इस्तीफा सौंपने के बाद नए अध्यक्ष को लेकर अटकलें लगनी शुरु हो गई है। इस पद के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का नाम सामने आने लगा है। हालांकि, अभी सिर्फ कयास ही लगाए जा रहे हैं। लेकिन अध्यक्ष पद के लिए जिन नामों की चर्चा हो रही है उनमें राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे और दिग्गज नेता मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल है।
राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी है। प्रियंका गांधी ने इस्तीफे के फैसले पर ट्वीट कर कहा कि राहुल गांधी ने इस्तीफा देकर हिम्मत दिखाई है। उनके फैसले का मैं सम्मान करती हूं।