जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: देश में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्डतोड़ 3 लाख से ज्यादा कोविड केस दर्ज किए गए हैं। पिछले आठ महीने में ये आंकड़ा सबसे ज्यादा है। वहीं, ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9,287 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में देश में 3,17,532 नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। जबकि 491 लोगों ने वायरस से जान गंवा दी। देश में अब एक्टिव केस बढ़कर 19,24,051 हो गए हैं। पिछले 24 घंटे में कोविड से रिकवर होने वालों का आंकड़ा 2,23,990 है। इसी के साथ डेली पॉजिटिविटी रेट 16.41 फीसदी हो गई है।
देश में टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहे हैं। देश में अब तक 159.67 करोड़ डोज वैक्सीन की लगाई जा चुकी हैं। कोरोना के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाला प्रदेश महाराष्ट्र है यहां पिछले 24 घंटे में 43,697 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 45 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं।