जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: दिल्ली के जहांगीपुरी में हिंसा के बाद अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया। बीजेपी शासित नॉर्थ एमसीडी ने ये बुलडोजर ऑपरेशन चलाया। एमसीडी का कहना है कि अतिक्रमण के खिलाफ ये कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई पर विपक्ष कई सवाल खड़े कर रहा है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भी बीजेपी को घेरा।
जहांगीरपुरी में हिंसा के बाद अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 1500 जवान तैनात
राघव चड्ढा ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि देशभर में जगह-जगह दंगे भारतीय जनता पार्टी करवा रही है। गुंडई और लफंगई सरेआम भारतीय जनता पार्टी करा रही है। अगर भारत देश में दंगे रोकने हैं, तो भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय पर बुलडोज़र चलाइए। हम गारंटी देते हैं कि अगर बीजेपी के मुख्यालय पर बुलडोजर चलेगा, तो दंगे रुक जाएंगे। यही लोग कराते हैं दंगे। दिल्ली का क्या माहौल बना दिया है।
जहांगीरपुरी में बुलडोजर कार्यवाही पर प्रतिक्रिया pic.twitter.com/IgFBsmdtlm
— Raghav Chadha (@raghav_chadha) April 20, 2022
राघव चड्ढा ने कहा कि दिल्ली में आए दिन ये लोग दंगे करवाते हैं। 2020 में नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में दंगे हुए। आज जहांगीरपुरी में दंगे हुए हैं। गृह मंत्री खुद ये दंगे करवा रहे हैं। अगर बुलडोज़र चलाना है, तो गृह मंत्री जी के घर पर चलाइए, उससे दंगे रुकेंगे। दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाक़े में एनडीएमसी ने अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई शुरू की थी।
‘बीजेपी ने बसाए देशभर में रोहिंग्या’
लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल इस पर रोक लगा दी है और यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। इस मामले में अगली सुनवाई कल यानी गुरुवार को होगी। आप सांसद राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि पिछले आठ सालों में बीजेपी ने जगह-जगह पूरे देश में सबसे ज्यादा तादाद में बांग्लादेशी और रोहिंग्या को बसाया है। ताकि उनका इस्तेमाल कर दंगे कराए जा सकें।
राघव चड्ढा ने कहा कि बीजेपी पिछले 15 वर्षों से नगर निगम में है। 15 सालों में बीजेपी नेताओं ने पैसे खा-खाकर गैर कानूनी निर्माण कराया। उन्होंने कहा कि आज जो ये गैर क़ानूनी निर्माण को तोड़ने गए हैं, तो मैं कहता हूं कि इसके साथ-साथ बीजेपी के उन नेताओं के घर भी तोड़ने चाहिए, जिन नेताओं ने पैसे खाकर, रिश्वत लेकर ये अवैध निर्माण कराया है।