जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: देश एक तरफ बुधवार को गणतंत्र दिवस मना रहा था दूसरी ओर इसी दिन राजधानी दिल्ली में एक महिला को अंतहीन दर्द दिया जा रहा था। यहां बेहद अमानवीय मामला सामने आया। 26 जनवरी को एक महिला का कुछ लोगों ने किडनैप किया और फिर उसके साथ गैंगरेप जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं फिर महिलाओं ने ही उसका सिर मूंडकर उसे सड़कों पर घुमाया। पीड़िता का मुंह भी काला कर दिया और चप्पलों की माला पहना दी
दिल दहला देने वाला ये मामला सामने आने के बाद दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस घटना पर संज्ञान लिया है। स्वाति मालीवाल ने घटना पर दिल्ली पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पुलिस ने गैंगरेप के तहत केस दर्ज किया है। साथ ही अभी तक चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
शर्मसार कर देने वाला ये मामला दिल्ली के विवेक विहार का है। बताया जा रहा है पीड़ित महिला विवाहित है और उसके एक बच्चा भी है। महिला के साथ दरिंदगी करते हुए महिलाओं और गुंडो ने उसकी पिटाई भी की। पुलिस के मुताबिक, कुछ लोगों की महिला के साथ पुरानी रंजिश थी। मोहल्ले का एक लड़का महिला के पीछे पड़ा था। नंवबर 2021 में उस लड़के ने खुदकुशी कर ली। जिसकी वजह लड़के के घरवाले महिला को मानते थे।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि लड़की और उसके परिवार को सुरक्षा देने कहा है। मालीवाल ने कहा कि वे पीड़िता से मिली हैं और उसने बताया कि किस तरह से उसके साथ 3 लोगों ने गैंगरेप किया। उसके शरीर पर अमानवीय घाव हैं। उन्होंने कहा कि शराब बेचने वालों ने लड़की का अपहरण कर उससे गैंगरेप किया था।
सीएम केजरीवाल ने बताया शर्मनाक
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए दिल्ली पुलिस और गृह मंत्री अमित शाह से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा है, मैं दिल्ली के उपराज्यपाल से मांग करता हूं कि इस घटना पर सख्त से सख्त एक्शन लें।