जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: बीजेपी नेता तेंजिदर सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस की ओर से गिरफ्तार करने के बाद पूरे दिन हंगामा चलता रहा। पंजाब पुलिस तेंजिदर सिंह बग्गा को अपने साथ दिल्ली से लेकर तो निकली लेकिन पंजाब तक नहीं ला पाई। बीच में ही हरियाणा पुलिस ने काफीले को रोक दिया। घमासान के बाद आखिरकार दिल्ली पुलिस उन्हें हरियाणा से दिल्ली वापस ले आई।
तेंजिदर सिंह बग्गा को हरियाणा पुलिस ने दिल्ली पुलिस को सौंप दिया है। दिल्ली पुलिस बग्गा को लेकर दिल्ली पहुंच गई है। बग्गा को पंजाब पुलिस ने शुक्रवार सुबह दिल्ली से गिरफ्तार किया था। बग्गा को मोहाली कोर्ट में पेश करने के लिए पंजाब लाया जा रहा था। आधे रास्ते में पंजाब पुलिस की गाड़ी को हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र में रोक लिया।
‘आप’ के दफ्तर के बाहर बीजेपी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
तेंजिदर बग्गा की गिरफ्तारी के बाद बीजेपी कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी के दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वहां पुलिस ने बैरीकेड्स लगाए हैं। दिल्ली पुलिस के बग्गा को साथ में ले जाने के खिलाफ पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट में पिटीशन दायर कर दी है। सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार ने मांग की कि बग्गा को दिल्ली जाने से रोका जाए। उसे हरियाणा में ही रखा जाए। हाईकोर्ट ने उनकी यह मांग ठुकरा दी।
दिल्ली और हरियाणा पुलिस ने पंजाब पुलिस के किसी भी अफसर को डिटेन करने से इनकार किया। इस मामले में हाईकोर्ट ने आज शाम तक दोनों को ऐफिडेविट फाइल करने के लिए कहा है।