Ganesh Chaturthi 2020 में जानें कैसे करें गणपति की स्थापना
नई दिल्ली : इस साल गणेश चतुर्थी (Ganesh Chaturthi 2020) का त्योहार 22 अगस्त को मनाया जाएगा। ये त्योहार 10 दिन तक मनाया जाता है। जहां भगवान गणेश की पूजा की जाती है। इस दिन लोग अपने घर में गणपति स्थापना करते हैं। भगवान गणेश की स्थापना गणेश चतुर्थी के दिन दोपहर में की जाती है। ऐसा माना जाता है कि गणपति बप्पा का जन्म मध्याह्न काल में हुआ था। साथ ही बता दे कि इस दिन चंद्रमा देखना अशुभ माना जाता है।
जाने गणेश चतुर्थी (Ganesh Chaturthi) का शुभ मुहूर्त
गणेश चतुर्थी की तिथि अगस्त 21, 2020 से रात 11 बजकर 2 मिनट से प्रारंभ होगी जो की 22, 2020 को शाम 07 बजकर 57 मिनट पर समाप्त होगी। 22 अगस्त के दिन गणपति जी की पूजा के लिए दोपहर में 02 घंटे 36 मिनट का समय है। दिन में 11 बजकर 06 मिनट से दोपहर 01 बजकर 42 मिनट के मध्य गणपति जी की पूजा कर लें। गणपति जी का विसर्जन मंगलवार 1 सितंबर 2020 को किया जाएगा। गणपति स्थापना 10 दिन के लिए ना की जा सके, तो एक दिन, तीन दिन, पांच दिन,सात दिन के लिए भी कर सकते हैं।
कैसी हो गणेश प्रतिमा
पीले रंग और लाल रंग की गणपति मूर्ति की उपासना को शुभ माना गया है। पीले रंग की प्रतिमा की उपासना करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। सफेद रंग के गणपति की उपासना से ऋणों से मुक्ति मिलती है। चार भुजाओं वाले लाल गणपति की उपासना से सभी संकट दूर होते हैं। बैठे हुए गणपति की मूर्ति ही खरीदें। इन्हें घर में रखने से स्थाई धन लाभ होता है। गणेश जी की ऐसी मूर्ति ही घर के लिए खरीदें, जिसमें उनकी सूंड बाईं ओर मुड़ी हो।
कैसे करें भगवान गणपति की स्थापना
गणपति की प्रतिमा को लकड़ी के पटरे या गेहूं, मूंग, ज्वार के ऊपर लाल वस्त्र बिछाकर स्थापित करें। गणपति पूजन सामग्री में पुष्प, धूप, दीप, कपूर, रोली, मौली लाल, चंदन, मोदक आदि शामिल होते हैं। गणपति जी की प्रतिमा के दाएं और बाएं रिद्धि-सिद्धि के प्रतीक स्वरूप एक-एक सुपारी रखें। भोग श्रीगणेश को मोदक भी बेहद प्रिय हैं। ऐसे में इन्हें मोदक प्रसाद के रूप में चढ़ाना न भूलें। एक शुद्ध आसान पर बैठ कर 108 बार ॐ श्री गं गणपतये नम: का जाप करें।