नई दिल्ली- 17वीं लोकसभा के लिए वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी को लोकसभा में कांग्रेस का नेता चुना गया है। इससे पहले लोकसभा में कांग्रेस नेता के लिए राहुल गांधी का नाम फाइनल किया गया था, लेकिन उनके इंकार के बाद वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी को नेता चुन लिया गया है। कांग्रेस पार्टी की ओर से लोकसभा के जनरल सेक्रेटरी को चिठ्ठी लिखी गई है, जिसमें इस बात की जानकारी दी गई है कि अधीर रंजन चौधरी लोकसभा में सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के नेता होंगे। अधीर रंजन चौधरी का नाम फाइनल करते समय यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे।
राहुल के इंकार के बाद नाम फाइनल हुआ
लोकसभा में कांग्रेस के नेता के लिए राहुल गांधी के अलावा मनीष तिवारी, शशि थरूर और अधीर रंजन चौधरी का नामों की चर्चा थी। राहुल गांधी के बाद अधीर रंजन का नाम कांग्रेस के लोकसभा नेता की दौड़ में सबसे आगे चल रहा था।
पांचवीं बार लोकसभा पहुंचे चौधरी
बता दें कि अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल के बहरामपुर से 5वीं बार सांसद बने हैं। चौधरी दो बार विधायक भी रह चुके हैं और केंद्र सरकार में मंत्री भी। अधीर रंजन चौधरी को लड़ाका और जुझारू नेता माना जाता है। वह ममता विरोध के चलते लोकसभा चुनाव से ठीक पहले प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिए गए थे।