जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: देखते ही देखते मौसम बदलने के साथ-साथ आंधी पानी का दौर शुरू हो गया है। नौतपा से पहले ही दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, UP, हरियाणा और बिहार में मानसून का ट्रेलर नजर आया है। दिल्ली में लगातार दो दिन धूल भरी आंधी के साथ बारिश हुई, जिसकी वजह से विस्तारा और इंडिगो ने कई फ्लाइट्स की उड़ान को टाल दिया।
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे तक रुक-रुक कर बारिश होगी। 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी इसके साथ ओलाव्रष्टि का भी अनुमान जताया। वहीं बारिश होने की वजह से उत्तर-पश्चिमी भाग में तापमान में 3-4 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक नौतपा बुधवार से शुरू हो रहा है। इस दौरान उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक चला जाता है। नौतपा में 9 दिन तक प्रचंड गर्मी रहती है। वहीं देश के कई शहरों के तापमान में 11.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है।
मध्य प्रदेश में भी तड़के सुबह बारिश हुई। वहीं बिहार के मधुबनी, कैमूर, रोहतास, जहानाबाद समेत 7 जिलों में देर रात तक बारिश हुई। कई जिलों में हवा की रफ्तार 30-40 किमी प्रति घंटा रही। मौसम विभाग ने राज्य के 7 जिलों के लिए ऑरेंज और एक जिले में यलो अलर्ट जारी किया है।