जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: कर्नाटक के उडुप्पी से शुरू हुआ हिजाब विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। राजनीतिक दल भी इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी मामले पर अपना रिएक्शन दिया।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके अपनी प्रतिक्रिया दी है। प्रियंका ने लिखा है, ‘’ वो चाहे बिकिनी हो, घूंघट हो, जींस हो या फिर हिजाब, ये एक औरत का अधिकार है कि वो ख़ुद तय करे कि वो क्या पहनना चाहती है। उन्होंने कहा, ‘’इस अधिकार की गारंटी भारतीय संविधान द्वारा दी गई है। महिलाओं को प्रताड़ित करना बंद करो।
क्या है मामला
दरअसल बीते दिनों उडुपी के एक प्री-यूनिवर्सिटी गवर्नमेंट कॉलेज की लगभग आधा दर्जन छात्राओं ने हिजाब उतारने से इंकार कर दिया। दूसरे वर्ष की इन छात्राओं ने हिजाब उतारकर क्लास में बैठने की अपीलों को खारिज कर दिया। जब इन छात्राओं की बात नहीं सुनी गई तो इन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्राओं ने हाईकोर्ट में भी अर्जी लगाई।
छात्राओं का कहना है कि हिजाब पहनना उनका संवैधानिक अधिकार है। लिहाजा उन्हें इससे रोका नहीं जा सकता।
हिजाब विवाद में भगवा लहराया
हिजाब विवाद के बीच कुछ छात्र भगवा लेकर कूद पड़े। कर्नाटक से जो वीडियो फोटो सामने आए हैं। उनमें तिरंगे की जगह कुछ छात्रों ने भगवा झंडा फहरा दिया। छात्र-छात्राएं भगवा शॉल पहनकर जय श्री राम के नारे लगाने लगे। फिलहाल कर्नाटक हाई कोर्ट में इस मामले को लेकर सुनवाई चल रही है।