जनतंत्र डेस्क Priyanka Gandhi: देशभर में भाई बहन के स्नेह का पर्व भाई दूज धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने भाई राहुल गांधी के साथ पुरानी तस्वीर शेयर की। दोनों भाई-बहन तस्वीर में बेहद खुश नजर आ रहे हैं।
भाई दूज पर प्रियंका गांधी ने राहुल के साथ प्यारी सी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि, ‘मुझे गर्व और खुशी है कि मेरे भाई करुणा, प्रेम और साहस के साथ सच्चाई की लड़ाई लड़ रहे हैं। आप सभी को भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं।’ फोटो में राहुल प्रियंका के कंधे पर हाथ रखे हुए खड़े हैं और उनके गले में ढेरों मेडल हैं। राहुल गांधी ने स्माइली इमोजी के साथ प्रियंका गांधी को बधाई का जवाब भी दिया है।
निशानेबाजी में राहुल ने जीते थे मेडल
तस्वीर शेयर करते हुए प्रियंका गांधी ने बताया कि, ये फोटो उस समय की है। जब राहुल गांधी ने निशानेबाजी की प्रतियोगिता में ढेर सारे मेडल जीते थे। प्रियंका गांधी पहले भी भाई दूज के अवसर पर राहुल गांधी के साथ अपनी तस्वीरें शेयर करती रही हैं। साल 2019 में प्रियंका ने ट्विटर पर एक कोलाज शेयर किया था। जिसमें प्रियंका गांधी और राहुल गांधी की ऐसी तस्वीरें हैं जो अब तक जिंदगी का सफर बयां कर रही हैं।
राहुल गांधी और प्रियंका का खास बॉन्ड अक्सर किसी न किसी मौके पर नजर आ जाता है। पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान एक वाकये की काफी चर्चा हुई थी। दोनों चुनाव प्रचार के दौरान कानपुर के हेलिपैड पर अपने-अपने हेलिकॉप्टर से उतरे और गर्मजोशी से मिले थे। प्रियंका ने यहां मीडिया से बातचीत में राहुल को बहुत अच्छा भाई बताया था। साथ ही दोनों की बेहद प्यारी तस्वीर भी खूब वायरल हुई थी।