जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: आम आदमी पर मंहगाई का बोझ जारी है लगातार 10वें दिन 9वीं बार पेट्रोल-डीजल के दम बढ़ गए हैं। चुनाव के बाद 80-80 पैसे बढ़ते हुए पेट्रोल-डीजल के दाम कुल 6.40 रूपए बढ़ गए हैं। दूसरी ओर अब सफर भी महंगा हो गया है। नेशनल हाइवेज पर टोल टैक्स 10-15 प्रतिशत तक बढ़ गया है।
राजस्थान के मंत्री ने क्यों कहा ‘बीजेपी राम भक्त नहीं रावण भक्त है’
लगातार बढ़ती महंगाई पर विपक्ष केंद्र सरकार को आड़े हाथों ले रहा है। गुरूवार को कांग्रेस नेताओं ने गैस-सिलेंडर के साथ दिल्ली में प्रदर्शन किया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड सांसद राहुल गांधी भी विजय चौक पहुंचे और केंद्र के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। राहुल गांधी ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला।
महंगाई को लेकर कांग्रेस पार्टी देशव्यापी आंदोलन कर रही है। दिल्ली में राहुल गांधी इसका नेतृत्व कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि पिछले 10 दिनों में नौ बार पेट्रोल और डीजल की क़ीमतें बढ़ाई गई हैं। राहुल ने कहा कि बढ़ती कीमतों पर तुरंत नियंत्रण होना चाहिए।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर एशिया के कई देशों में पेट्रोल की कीमत की भारत से तुलना की है। ट्वीट में उन्होंने नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए लिखा है- प्रश्न न पूछो ‘फकीर’ से, कैमरा पर बांटे ज्ञान, जुमलों से भरा झोला लेकर, लूटे हिंदुस्तान। राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों और मिडिल क्लास को परेशान करना बंद करे।