जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के यूपी और बिहार के लोगों के बारे में की गई टिप्पणी पर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। अलग अलग राजनीतिक दलों के लोगों ने चन्नी के बयान की कड़ी निंदा की है। बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री और प्रियंका गांधी साथ में चुनाव प्रचार कर रहे थे।
हम कांग्रेस में किराएदार नहीं हिस्सेदार हैं- मनीष तिवारी
चुनाव प्रचार के दौरान चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के सामने कहा, “प्रियंका गांधी भी पंजाबन हैं और पंजाब की बहू हैं, सारे पंजाबी एक हो जाओ, हम यूपी, बिहार और दिल्ली के भइया जो पंजाब में राज करना चाहते हैं, हम उन्हें घुसने नहीं देंगे। जब चन्नी ये कहते हैं तो प्रियंका गांधी वीडियो में ताली बजाती दिख रही हैं। चरणजीत चन्नी के बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है।
शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि कई सरकारों ने उन्हें न मौका दिया और न ही नौकरी। लेकिन जब ये लोग दूसरे राज्यों में जाते हैं, तो वहां की अर्थव्यवस्था में अपना योगदान देते हैं। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि अपने आसपास देखिए। वे आपके असंगठित मजदूर हैं और कभी कभी आपके सस्ते श्रम। वे आपको सेवा देने वाले हैं। वे आपके व्यवसायी हैं, वे आपके उद्यमी हैं, वे आपके विधायक और सांसद हैं, वे आपके नौकरशाह हैं और सबसे अहम बात ये कि वे भारतीय हैं। उनका मजाक उड़ाना बंद कीजिए।
बसपा प्रमुख मायावती ने भी ट्वीट कर कहा कि ये शर्मनाक है और पंजाब और यूपी के लोग कांग्रेस को सबक सिखाएं। साथ ही बिहार के लोग इसका संज्ञान लें।
चन्नी की टिप्पणी पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि “पंजाब में बिहार के लोगों की कितनी बड़ी भूमिका है, बिहार के लोगों ने कितनी सेवा की है। हमें तो आश्चर्य लगता है कि ऐसी बात लोग कैसे बोल देते हैं।”