Republic Day : देशभर में मनाया जा रहा है 71वां गणतंत्र दिवस
नई दिल्ली- आज देश 71वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। देशभर के लोग आज तिरंगा लहरा रहे है। वहीं बता दे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दूसरे कार्यकाल में भी गणतंत्र दिवस (Republic Day) के मौके पर ध्वजारोहन करेंगें।
- वॉर मेमेरियल पर दी जाएगी श्रद्धांजलि
- तीनों सेनाओं के प्रमुख होंगे शामिल
- इस बार के चीफ गेस्ट ब्राजील के राष्ट्रपति
इससे पहले पीएम मोदी इंडिया गेट पर अमर जवान ज्योति जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी है। लेकिन इस बार पीएम मोदी वॉर मेमेरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे जहां रक्षा मंत्री और तीनों सेनाओं के प्रमुख शामिल होंगे। इस बार 71वें गणतंत्र दिवस (Republic Day) पर ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो चीफ गेस्ट होंगे।
भारत के 71 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज राजपथ पर आयोजित होने वाले समारोह में देश की बढ़ती हुई सैन्य शक्ति, बहुमूल्य सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक-आर्थिक प्रगति का भव्य प्रदर्शन होगा। 71वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राजधानी दिल्ली का राजपथ पूरी तरह सज गया है।
सैन्य शक्ति का भव्य प्रदर्शन
थोड़ी ही देर में सैन्य शक्ति, बहुमूल्य सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक-आर्थिक प्रगति का यहां भव्य प्रदर्शन होगा। इस खास मौके पर ब्राजील के राष्ट्रपति जायेर बोलसोनारो मुख्य अतिथि हैं। उपग्रह भेदी हथियार ‘शक्ति’, थलसेना का युद्धक टैंक भीष्म, इन्फैंट्री युद्धक वाहन और हाल ही में वायु सेना में शामिल किए गए चिनूक और अपाचे युद्धक हेलिकॉप्टर भव्य सैन्य परेड का हिस्सा होंगे। इसके साथ ही हजारों पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवान सतर्क होकर निगरानी करेंगे।
बहुमूल्य सांस्कृतिक धरोहर और आर्थिक प्रगति को दर्शाने वाली झांकियां होंगी
राजपथ पर राष्ट्र की बहुमूल्य सांस्कृतिक धरोहर और आर्थिक प्रगति को दर्शाने वाली 22 झांकियों में से 16 झांकियां राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की होंगी और छह विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की होंगी। परंपरा के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा, जिसके बाद 21 तोपों की सलामी के साथ राष्ट्र गान की धुन बजाई जाएगी। परेड की शुरुआत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा परेड की सलामी लेने से होगी।
जनरल असित मिस्त्री के हाथों में होगी परेड की कमान
परेड की कमान परेड कमांडर दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल असित मिस्त्री के हाथों में होगी। दिल्ली क्षेत्र के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल आलोक कक्कड़ परेड के सेकंड-इन-कमांड होंगे। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा निगरानी के लिए पैरामिलिट्री की 48 कंपनियां, दिल्ली पुलिस के 17,000 जवान, 2700 सादे कपड़ों में पुलिस के जवान तैनात किए हैं। साथ ही पराक्रम, प्रखर वैन लगाई गई हैं। 10 सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं।