जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी देशभर में अपना दायरा बढ़ा रही है। पार्टी ने अब केरल का रुख किया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केरल में राजनीतिक पैठ बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी। रविवार को उन्होंने एक व्यापारिक समूह द्वारा संचालित राजनीतिक दल ‘ट्वेंटी-20’ के साथ अपनी पार्टी के राजनीतिक गठबंधन की घोषणा की है।
अरविंद केजरीवाल और ट्वेंटी-20 पार्टी के मुख्य समन्वयक ने गठबंधन की घोषणा की है। इस गठबंधन को पिपल्स वेलफेयर अलायंस (PWA) का नाम देने की घोषणा भी की गई है। कोच्चि में अरविंद केजरीवाल ने राज्य में मुख्यधारा के राजनीतिक दलों पर आरोप लगाया कि वे युवाओं को रोजगार प्रदान करने में रुचि नहीं रखते हैं।
उन्होंने कहा कि “हमें राजनीति करनी नहीं आती है। हमें भ्रष्टाचार करना नहीं आता, हमें दंगा करना नहीं आता। अगर आपको राजनीति, दंगे, भ्रष्टाचार चाहिए तो इनके पास चले जाओ। अगर आपको स्कूल, अस्पताल, तरक्की चाहिए तो हमारे पास आ जाओ।”
आप प्रमुख ने विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने दिल्ली में 12 लाख लोगों को रोजगार दिया है। केजरीवाल ने कहा, ‘‘अन्य दलों के लोग इस राज्य के बच्चों को नौकरी नहीं देंगे, वे शिक्षा नहीं देंगे। क्यों? क्योंकि वे ऐसे लोग चाहते हैं जो दंगा कर सकें, जो गुंडागर्दी फैला सकें। हम सभ्य लोग हैं, हम इनमें से कुछ भी करना नहीं जानते हैं। हम इस तरह की प्रथाओं में शामिल नहीं होना चाहते।’’