जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: देश की एक लोकसभा और चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के रिजल्ट आ गए हैं। बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट पर TMC के शत्रुघ्न सिन्हा, जबकि बालीगंज विधानसभा सीट पर TMC के ही बाबुल सुप्रियो ने बड़ी जीत हासिल की है। उधर, बिहार के बोचहां विधानसभा सीट पर आरजेडी के अमर पासवान विजयी हुए हैं।
केंद्र ने भी माना- देश में कोयले की कमी, 9 दिन का रिजर्व बचा
महाराष्ट्र के कोल्हापुर नॉर्थ सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार जयश्री जाधव ने BJP के सत्यजीत कदम को करीब 19,000 वोटों से करारी शिकस्त दी। छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीट पर भी कांग्रेस की यशोदा वर्मा 20 हजार 167 वोटों से जीत गई हैं। जबकि बीजेपी खाली हाथ रही।
बंगाल में TMC की बंपर जीत
आसनसोल लोकसभा सीट पर शत्रुघ्न सिन्हा जीत गए हैं। ये सीट बाबुल सुप्रियो के सांसद पद छोड़ने के बाद खाली हुई थी। शत्रुघ्न सिन्हा ने बीजेपी की अग्निमित्रा पॉल को 3 लाख 3 हजार 209 वोट से हरा दिया।
सांसदी छोड़ विधानसभा में उतरे बाबुल सुप्रियो
बालीगंज विधानसभा सीट से बाबुल सुप्रियो 20 हजार 228 वोट से जीते हैं। उन्होंने BJP की केया घोष और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की सायरा शाह को हराया। यह सीट पर पूर्व विधायक और राज्य के मंत्री रहे सुब्रत मुखर्जी के निधन के बाद खाली हुई थी।
महाराष्ट्र में कांग्रेस जीती
महाराष्ट्र की कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट पर कांग्रेस की जीत हुई। कांग्रेस की जयश्री जाधव ने BJP के सत्यजीत कदम को करीब 19 हजार 307 वोटों से करारी शिकस्त दी। ये सीट भी दिसंबर 2021 में कोविड-19 से कांग्रेस विधायक चंद्रकांत जाधव के निधन के बाद से खाली हुई थी।
बिहार की बोचहां सीट
बिहार के बोचहां विधानसभा सीट पर आरजेडी के अमर पासवान विजयी हुए। अमर पासवान ने बीजेपी की बेबी कुमारी को 36,653 वोटों से हरा दिया।
छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ सीट पर कांग्रेस जीती
छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस की यशोदा वर्मा ने 20 हजार 167 वोटों से जीत हासिल की है। यह सीट जनता कांग्रेस के विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद खाली हुई थी।
हाल ही में चार राज्यों में सत्ता वापसी करने वाली बीजेपी उपचुनावों में एक भी सीट नहीं जीत पाई और खाली हाथ रह गई।