जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: लगातार हार के बाद कांग्रेस में मंथन का दौर जारी है। इसी कड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को अपने सरकारी आवास 10 जनपथ पर पार्टी नेताओं के साथ एक आपात बैठक की। बैठक 4 घंटे तक चली और बड़ी बात ये है कि इस मीटिंग में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी शामिल हुए।
हार के बाद कांग्रेस में मंथन का दौर, दिल्ली में हुई अहम बैठक
कांग्रेस, पार्टी में फिर से जान फूंकने के लिए PK से जुड़ना चाह रही है। इस लंबी बैठक के दौरान प्रशांत किशोर ने कांग्रेस को देशभर में मजबूत करने के लिए एक डिटेल प्रेजेंटेशन दिया। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उस पर अमल के लिए एक कमेटी बनाने की घोषणा की है। PK की प्रजेंटेशन में 2024 के चुनाव में बीजेपी को हराने का रोडमैप बताया है।
सिर्फ 370 सीटों पर फोकस करे पार्टी
सूत्रों के मुताबिक प्रशांत किशोर ने अपनी प्रेजेंटेशन में ये सुझाव दिया है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी सिर्फ 370 सीटों पर फोकस करे। देशभर में लोकसभा की कुल 543 सीटें हैं। PK ने दूसरा सुझाव यह दिया कि जहां कांग्रेस कमजोर है, वहां ड्राइविंग सीट मजबूत सहयोगी को दे देकर साथ चुनाव लड़े।
एक हफ्ते में फैसला
बैठक को लेकर कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि बैठक में PK ने 2024 को लेकर प्रजेंटेशन दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने एक कमेटी बनाने की घोषणा की है। कमेटी एक हफ्ते में रिपोर्ट देगी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ही कांग्रेस आगे काम करेगी। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी ने पीके को पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया है। हालांकि पीके पार्टी में शामिल होंगे या नहीं इस पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष के आवास पर हुई पार्टी की अहम बैठक में 10 से ज्यादा नेताओं को बुलाया गया है। इनमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, एके एंटोनी, दिग्विजय सिंह, अजय माकन, अंबिका सोनी, मुकुल वासनिक, पी. चिदंबरम और रणदीप सुरजेवाला मौजूद रहे।
Congress Meeting Today | KC Venugopal | Prashant Kishor | Congress Strategy For 2024 | Jantantra TV