पटना : बिहार में विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2020) को लेकर अब राजनीतिक पार्टियों ने जनता को लुभाना शुरू कर दिया है। जहाँ एक तरफ विपक्षी पार्टियां (Opposition) जनता के सामने सरकार की नाकामियों को उजागर कर रही है, वही सत्ता पक्ष अपने शासनकाल में किये गए कार्यों से लोगों को वाकिफ करवा रही है। इसी क्रम में आज नीतीश कुमार (Nitish kumar) ने विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र वर्चुअल रैली (Virtual Rally) को संबोधित किया और राजद (RJD) पर जमकर हमला बोला। नीतीश कुमार की वर्चुअल रैली (Nitish kumar Virtual Rally) को पार्टी ने सोशल मीडिया के जरिये लोगों तक पहुँचाया।
Nitish kumar Virtual Rally : सीएम ने गिनवाई सरकार की उपलब्धियां
वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने अपने शासनकाल में जनहित के लिए किये गए कामों को लोगों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि घर-घर बिजली पहुंची और अब लालटेन की जरूरत नहीं रही। बिजली पहुंचाने के बाद जर्जर तारों को बदल दिया गया। अब बिल की गड़बड़ी को ठीक करने के लिए प्रीपेड मीटर लगवा रहे हैं। अब तक 48 हजार करोड़ से ज्यादा बिजली सुधार पर खर्च किये गए। पहले 7 सौ मेगावाट की क्षमता थी, अब छह हजार मेगावाट की रोज खपत हो रही है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हमारी सरकार ने बहुत काम किया। लोग कुछ भी बोलते हैं, ये बोलनेवाली बात है। 5वीं के बाद बच्चियों को स्कूल नहीं भेजा जाता था। 2007 में पोशाक योजना शुरू की। लड़कियों के लिए साइकिल योजना शुरू की, तब भी विरोध किया था। साइकिल से लड़कियां स्कूल जाने लगीं, तो लड़कों ने मांग की, लड़कों के लिए साइकिल योजना की शुरुआत की।
मंदिर और मस्जिद दोनों को सुरक्षित रखने का काम किया : नीतीश कुमार
राजद पर निशाना साधते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने इतने दिनों तक राज किया है लेकिन कब्रिस्तान की घेराबंदी तक नहीं कर पाए। मंदिरों की घेराबंदी का काम किया जा रहा है। एक-एक काम पर ध्यान दिया जा रहा है और जो गड़बड़ करके कमाने की कोशिश करते हैं, उस पर हमारा ध्यान है। भागलपुर के दंगों पर क्या हुआ था? हम लोग आए, तब जांच करवाई।
उन्होंने कहा कि पहले सड़क कहां थी ? कैसे लोग आते-जाते थे ? हम सांसद थे, पैदल चलना पड़ता था। पहले गड्ढे में सड़क या सड़क में गड्ढा, ये समझ मे नहीं आता था। काम करने का मौका मिला, तो राजधानी पटना पहुंचने का लक्ष्य रखा, जिसे पूरा किया गया। अब 5 घंटे में पटना पहुंचने का लक्ष्य रखा गया। अब तक 18 मेगा पुल बनाये गए। केंद्र सरकार की ओर से कई एनएच बनाये जा रहे। अब सड़क बनाने के साथ उसका मेंटेनेंस किया जा रहा। अब लोक शिकायत कानून में सड़कों को डाला गया। नयी पीढ़ी के लोगों को पुरानी बात बतानी चाहिए। अगर नहीं जानेंगे और गड़बड़ लोगों के चक्कर मे पड़ जाएंगे, तो सब ध्वस्त हो जाएगा।
कोरोना काल में 20 लाख से अधिक लोगों को पहुंचाई आर्थिक मदद : नीतीश कुमार
कोरोना संकट पर बात करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि 20.95 लाख लोगों को एक-एक हजार की मदद दी गई है। क्वारंटाइन सेंटर में 15 लाख से ज्यादा लोगों को रखा गया है। एक व्यक्ति पर 53 सौ रुपये खर्च किया गया है। लॉकडाउन के दौरान राशनकार्ड धारियों को एक-एक हजार की मदद दी गई है। राशन के अतिरिक्त 5 किलो अतिरिक्त राशन दिया गया। एक किलो दाल या चना दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिनके पास राशनकार्ड नहीं था, उनके लिए व्यवस्था की गई। लोगों का राशनकार्ड बनवाया गया। अब तक 23.38 लाख लोगों को राशनकार्ड दिया गया है। सीएम ने साथ ही लोगों से अपील की है कि सभी मास्क लगाएं, हाथ साफ करते रहें। किसी से मिलते समय दो गज की दूरी से मिलिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने समय पर चुनाव कराने का फैसला लिया है। कोरोना के बारे में कोई नहीं जनता है कि आगे क्या होगा ? दिल्ली में नीचे जा रहा था, अब बढ़ रहा है।