नई दिल्ली: भारत के बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ी और कैप्टन कूल के नाम से फेमस महेंद्र सिंह धोनी 7 जुलाई को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। क्रिकेट के तीनों फॉर्मेंट में विश्व कप जीतने वाले वह इकलौते कप्तान हैं। धोनी के जन्मदिन पर आईसीसी ने भी एक बेहतरीन और शानदार वीडियो शेयर कर करते हुए धोनी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
बता दें कि धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 में टी-20 विश्व कप, 2011 में एकदिवसीय विश्व कप और 2013 में चैम्पियन्स ट्राफी का खिताब जीता था। आईसीसी ने धोनी के जन्मदिन पर वीडियो शेयर कर धोनी को ‘भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदलने वाला’ बताया।
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए आईसीसी ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया है। वीडियो के साथ आईसीसी ने लिखा, ‘एक ऐसा नाम जिसने भारतीय क्रिकेट के चेहरे को बदल दिया। ऐसा नाम जो दुनियाभर के लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ऐसा नाम जो विवादों से परे रहा है, महेन्द्र सिंह धोनी सिर्फ नाम नहीं है।’
🔹 A name that changed the face of Indian cricket
🔹 A name inspiring millions across the globe
🔹 A name with an undeniable legacyMS Dhoni – not just a name! #CWC19 | #TeamIndia pic.twitter.com/cDbBk5ZHkN
— ICC (@ICC) July 6, 2019
इस वीडियो में भारतीय कप्तान विराट कोहली, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, हरफनमौला बेन स्टोक्स और अफगानिस्तान के विकेटकीपर मोहम्मद शहजाद और इंग्लैंड के विकेटकीपर जोस बटलर का धोनी को लेकर बयान है।
धोनी के बारे में कोहली कहते हैं, ‘आप बाहर से जो देखते हैं, वह इस बात से बहुत अलग है कि वह व्यक्ति कैसा है। वह हमेशा से शांत और एकाग्र रहे है, उनसे काफी कुछ सीखा जा सकता है। वह मेरे कप्तान थे और हमेशा रहेंगे। एक-दूसरे को लेकर हमारी समझ कमाल की है। मुझे उनके सुझाव का हमेशा से इंतजार रहता है।’