जनतंत्र डेस्क, Sports: भारत की महान एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज को वर्ल्ड एथलेटिक्स ने सर्वश्रेष्ठ महिला के पुरस्कार से नवाजा है। अंजू को देश में प्रतिभाओं को तराशने और लैंगिक समानता की पैरवी के लिए वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला का पुरस्कार दिया है। अंजू जॉर्ज भारत की पूर्व अंतरराष्ट्रीय लॉन्ग जंप स्टार हैं। जो अभी भी इस खेल में सक्रिय हैं।
Cricket: सारा टेलर के नाम बड़ा कीर्तिमान: पुरुष टीम की पहली महिला कोच बनीं , दिग्गज क्रिकेटर्स को देंगी कोचिंग
विश्व एथलेटिक्स की ओर से यह सम्मान मिलने के बाद अंजू ने कहा कि, वह यह सम्मान पाकर गौरवान्वित और अभिभूत हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ”सुबह उठकर खेल के लिए कुछ करने से बेहतर अहसास कुछ नहीं है। मेरे प्रयासों को सराहने के लिए धन्यवाद।”
विश्व एथलेटिक्स ने एक विज्ञप्ति में कहा, ”पूर्व अंतर्राष्ट्रीय लंबी कूद खिलाड़ी भारत की अंजू बॉबी जॉर्ज अभी भी खेल से जुड़ी हैं। उन्होंने 2016 में युवा लड़कियों के लिए प्रशिक्षण अकादमी खोली, जिससे विश्व अंडर 20 मेडल विजेता निकली है।” विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि, ”भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की सीनियर उपाध्यक्ष होने के नाते वह लगातार लैंगिक समानता की वकालत करती आई हैं। वह खेल में भविष्य में नेतृत्व के लिए भी स्कूली लड़कियों का मार्गदर्शन कर रही हैं।”
पति ने दी कोचिंग
केरल की रहने वाली अंजू बॉबी जॉर्ज ने अपने पति रॉबर्ट बॉबी जार्ज से कोचिंग ली थी। जिसके बाद अंजू का करियर नई ऊंचाईयों पर पहुंचा। वह ओलिंपिक 2004 में छठे स्थान पर रही थीं। उन्होंने तब 6.83 मीटर की जंप लगाई थी। वहीं, 2007 में अमेरिका की मरियन जोन्स को डोपिंग आरोपों के कारण अयोग्य घोषित किए जाने के बाद अंजू को पांचवां स्थान दिया गया था।