जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम में विराट कोहली की फॉर्म को लेकर चर्चा जोरों पर है। विराट ने नवंबर 2019 के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक नहीं लगाया है। इस दौरान वह 75 पारियां खेल चुके हैं। विराट इंग्लैंड के खिलाफ पहले T20 के लिए टीम में नहीं थे। उन्हें बाकी बचे दो T20 और तीन वनडे के लिए चुना गया है। इसके बाद टीम इंडिया वेस्टइंडीज जाएगी। लेकिन हो सकता है कि वनडे सीरीज में कोहली न हो। बताया जा रहा है कि विराट ने T20 सीरीज से भी ब्रेक लेने का फैसला किया है।
क्यों हो रही है? विराट को बाहर करने की मांग
दरअसल, कोहली एक बड़े खिलाड़ी हैं। उनसे हर बार एक बड़ी पारी की उम्मीद होती है। आंकड़ों में विराट का प्रदर्शन T20 में तो शानदार है, लेकिन टेस्ट मैच में वह लंबे समय से बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। विराट ने टेस्ट में पिछला शतक 22 नवंबर 2019 और वनडे में 14 अगस्त 2019 को लगाया था।
वनडे में उस शतकीय पारी के बाद से कोहली 21 पारी खेल चुके हैं। इस दौरान 10 अर्धशतक उनके बल्ले से निकले। एक बार लगातार तीन अर्धशतक और एक बार लगातार चार मैचों में अर्धशतक लगाया। वनडे में इस शानदार फॉर्म के बावजूद वह शतक नहीं लगा पाए।
टेस्ट में 22 नवंबर 2019 के बाद से उन्होंने छह अर्धशतक लगाए। इस दौरान उन्होंने 32 पारियां खेली हैं। मुख्य समस्या इसी फॉर्मेट में है। विराट ढाई साल में सीमित ओवरों में तो शानदार रहे हैं, लेकिन टेस्ट में उनका प्रदर्शन गिरा है। वह इस फॉर्मेट को सबसे ज्यादा प्यार करते हैं, लेकिन इसी में उनका बल्ला नहीं चल रहा है।
विराट के आंकड़े क्या कहते हैं?
विराट जनवरी 2019 से टी20 में भारत के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उन्होंने 29 पारियों में सबसे ज्यादा 1129 रन बनाए हैं। मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा के 36 पारियों में 1100 और ओपनर केएल राहुल के 30 पारियों में 1049 रन हैं
करीब ढाई साल के लंबे आंकड़ों को छोड़ भी दें, तो पिछली 10 पारियों में भी कोहली का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने इस दौरान पांच अर्धशतक ठोके हैं। विराट ने अपना पिछला टी20 मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में खेला था। उस मुकाबले में उन्होंने 52 रन की पारी खेली थी। इनमें पाकिस्तान के खिलाफ मुश्किल परिस्थितियों में खेली गई 57 रन की पारी भी शामिल है। जब TY20 के सारे धुरंधर पवेलियन लौट रहे थे। तब कोहली अकेले पाकिस्तानी आक्रामण का सामना कर रहे थे। उन्होंने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था।