जनतंत्र डेस्क Yuvraj Singh: भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह को जातिगत टिप्पणी करना भारी पड़ गया। अनुसूचित जाति के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के मामले में क्रिकेटर युवराज सिंह को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। युवराज सिंह को हरियाणा के हिसार जिले के हांसी से गिरफ्तार किया गया। हालांकि उन्हें औपचारिक जमानत पर रिहा भी कर दिया गया। युवराज सिंह पर आरोप है कि उन्होंने पिछले साल रोहित शर्मा से लाइव चैट में युजवेंद्र चहल की जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की थी।
हांसी पुलिस के मुताबिक, क्रिकेटर युवराज सिंह को केस की जांच में शामिल करने के लिए गिरफ्तार किया गया। इससे पहले उन्हें दो बार केस की जांच के लिए बुलाया जा चुका है। युवराज सिंह पर अनुसूचित जाति पर टिप्पणी का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। जिन्हें बाद में बेल बॉन्ड पर छोड़ दिया गया।
Yuvraj Singh: क्या है मामला
2020 जब कोरोना की पहली लहर में लॉकडाउन लगा था। इस दौरान युवराज सिंह और रोहित शर्मा वीडियो चैट पर बातें कर रहे थे। तभी दोनों के बीच युजवेंद्र चहल को लेकर बात हुई, युवराज ने इसी दौरान कथित तौर पर जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल किया। देखते ही देखते बातचीत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवराज जातिवादी टिप्पणी करते हुए सुनाई दे रहे थे। वीडियो में युवराज सिंह ने युजवेंद्र चहल को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि, ये (जातिसूचक शब्द) को कोई काम नहीं है। यूजी को देखा कैसा वीडियो डाला है। दरअसल, उस वक्त युजवेंद्र चहल ने टिकटॉक पर डांस वीडियो अपलोड किया था। जिस पर युवराज सिंह ने कमेंट किया।
मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने सबूत जुटाने के लिए युवराज सिंह का मोबाइल जब्त कर लिया। हांसी पुलिस अब युवराज सिंह के खिलाफ अदालत में चालान पेश करेगी। इसके बाद युवराज को विशेष अदालत से नियमित जमानत हासिल करनी पड़ेगी।