जनतंत्र डेस्क Agra: आगरा में पुलिस कस्टडी में सफाईकर्मी की मौत का मामला गर्मा गया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार रात 11 बजे आगरा में मृतक सफाईकर्मी अरुण वाल्मीकि के घर जाकर उनकी पत्नी और मां से मुलाकात की। प्रियंका पीड़ित परिवार के घर में करीब 50 मिनट तक रहीं। इस दौरान मृतक अरुण की पत्नी सोनम और मां कमला ने रोते हुए उन्हें पुलिस की बर्बरता की कहानी बताई तो प्रियंका की आंखों में आंसू आ गए। जिसके बाद उन्होंने सोनम को गले लगाकर लगाकर ढाढ़स बंधाया।
पीड़ित परिवार से मिलने के बाद प्रियंका गांधी ने आर्थिक मदद और कानूनी लड़ाई में सहयोग का आश्वासन दिया है। साथ ही, परिवार की दो बेटियों की शादी का खर्च उठाने का भरोसा दिलाया।वहीं, पीड़ित परिवार की व्यथा सुन प्रियंका गांधी ने कहा कि, परिवार के लोगों ने मुझे जो बातें बताई हैं, उसे सुनकर यकीन नहीं हो रहा कि इस सदी में ऐसी चीजें किसी के साथ हो सकती हैं। वाल्मीकि समाज के 17-18 लोगों को अलग-अलग जगह से उठाकर थाने लाया गया। जहां उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। सोनम ने बताया कि उनके सामने उनके पति के हाथ पैर बांधकर पीटा गया और करंट लगाया गया। इसके अलावा सोनम को भी महिला के साथ पुरुष पुलिसवालों ने पीटा।
Agra: कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस घटना को लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूपी की योगी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि UP में कानून व्यवस्था दम तोड़ रही है। यहां दलित, किसान और गरीबों के लिए कोई खड़ा नहीं है। इस दौरान उन्होंने यहां लखीमपुर हिंसा को लेकर भी इशारों में सरकार पर निशाना साध दिया और कहा, यहां पर न्याय केवल मंत्रियों के लिए है। जिनके बेटे अपराध कर रहे हैं। यहां गरीबों पर इतना अत्याचार हो रहा है। सरकार चुप क्यों हैं?
शक के घेरे में पुलिस
दरअसल, 17 अक्टूबर को आगरा के जगदीशपुरा थाने में मालखाने से 25 लाख की चोरी का मामला सामने आया। चूंकी चोरी की ये बड़ी वारदात थी तो कई पुलिसकर्मियों पर भी लापरवाही का आरोप लगा। जिसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर सफाईकर्मी अरुण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके घर दबिश दी तो घर पर 15 लाख रुपए मिले थे। परिजन पैसे के बारे में जानकारी नहीं दे पा रहे थे। पुलिस ने उसके दोनों भाइयों को थाने पर बिठा लिया था। वहीं, आरोपी सफाईकर्मी की मंगलवार रात पुलिस कस्टडी में मौत हो गई। पुलिस की हिरासत में मरने वाले अरुण के शरीर पर चोट के चार निशान मिले हैं। दोनों पैरों पर खरोच है। जबकि पोस्टमार्टम में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।