जनतंत्र डेस्क, आगरा: सिस्टम किस हद तक बेपरवाह और लापरवाह हो सकता है इसका दृश्य यूपी के आगरा में दिखा। जहां लगभग ढाई महीने दिन से धरने पर बैठी महिला ने ठंड से दम तोड़ दिया। महिला अपने इलाके में नाले और रोड की मांग को लेकर 83 दिन से धरने पर बैठी थी। लेकिन सोते प्रशासन को जगाने में महिला नाकामयाब रही और खुद हमेशा के लिए सो गए।
दरअसल, आगरा के अकोला ब्लॉक धनौली में सिरौली मार्ग की हालत बेहद खस्ता है। आने-जाने में लोगों को खासी दिक्कतें हो रही हैं। लिहाजा कई दिनों से इलाके में नाले और रोड की मांग की जा रही थी। मांगों को लेकर 13 अक्टुबर से धरना दिया जा रहा है। जिसमें महिलाएं भी शामिल हुई थीं। विकास नगर की रहने वाली 55 वर्षीय रानी भी धरने पर बैठी थी। रविवार सुबह धरने पर बैठी हुई रानी की आंख नहीं खुली। लोगों ने जगाने की कोशिश की तो रानी का शरीर ठंडा पड़ चुका था। रानी की मौत हो गई थी।
लोगों में रोष
धरने पर महिला की मौत के बाद प्रशासन के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। जिसके बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने उनकी मांगों को मानने का आश्वासन दिया। साथ ही मृतका रानी देवी के परिवार को मुआवजा देने की बात भी कही। जिसके बाद मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि इलाके में कई सालों से ही मार्गों की हालत खराब है प्रशासनिक अधिकारी सुनने का नाम नहीं लेते।