नई दिल्ली : कांग्रेस आलाकमान ने पार्टी की यूपी इकाई में बड़ा फेरबदल करते हुए अजय कुमार ‘लल्लू’ को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। बता दें कि फिल्म अभिनेता और राजनेता राज बब्बर अब तक यूपी प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष थे। राज बब्बर के कार्यकाल में पार्टी का ग्राफ जिस रफ़्तार से नीचे गया, उसे देखते हुए बीते लंबे से उनके अध्यक्ष पद से हटने के कयास लगाए जा रहे थे, वहीँ अब उनकी जगह अजय कुमार ‘लल्लू’ को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
कांग्रेस ने आराधना मिश्रा “मोना” को यूपी में कांग्रेस विधायक दल की नेता नियुक्त किया है। इसके अलावा जल्द ही पार्टी नई पार्टी कमिटी का भी ऐलान करेगी। बता दें कि उत्तर-प्रदेश में अजय कुमार ‘लल्लू’ का कांग्रेस नेता के तौर पर अपना राजनीतिक दबदबा है और कई अहम् मौकों पर उन्हें पार्टी का पक्ष जोरदार तरीके से रखते हुए देखा गया है।
अजय कुमार “लल्लू” वैश्य (ओबीसी) समाज से ताल्लुकात रखते हैं और दो बार के विधायक भी हैं। वो जनपद कुशीनगर के तमकुहीराज विधानसभा सीट से विधायक हैं। 2017 में हुए यूपी विधानसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी जगदीश मिश्र को चुनाव में हराया था।