जनतंत्र डेस्क, Andhra Pradesh: आंध्रप्रदेश की सियासत में सब कुछ ठीक नहीं लग रहा। विपक्षी पार्टी बार बार सत्तारूढ़ जगन मोहन रेड्डी की पार्टी YSRCP पर अर्मयादित होने का आरोप लगा रही है। हालात अब ये हो गए कि, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू रोने लगे। भावुक होते हुए चंद्रबाबू नायडू ने ऐलान कर दिया कि, सत्ता में लौटने के बाद ही वे विधानसभा में प्रवेश करेंगे।
ट्वीट करते हुए पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि, आजादी के बाद से भारत के इतिहास में इस तरह की घिनौनी संस्कृति कभी किसी राजनीति में नहीं देखी गई। जगन रेड्डी ने आज आंध्र प्रदेश राज्य विधान सभा के सामने अपना स्वाभाविक रूप दिखाया।
Andhra Pradesh: TDP प्रवक्ता ने ऐसा क्या बोल दिया जिससे भड़क गई YSRCP, दिल्ली तक पहुंची बात
दरअसल, 15 नवंबर को आंध्रप्रदेश में हुए नगर निकाय चुनाव में टीडीपी को हार का सामना करना पड़ा। चंद्रबाबू नायडू इस हार से भी बेहद निराश हैं। वाईएसआरसीपी ने नवगठित नगर निकाय के 25 में से 19 वार्डों में जीत हासिल की। ऐसे में अपनी पार्टी की हार से निराश तेलुगु देशम पार्टी के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू भावुक हो गए। उन्होंने रुंधी हुई आवाज में सदन में कहा कि सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस के सदस्यों की ओर से उन पर लगातार किए जा रहे अपशब्दों से वह आहत हैं। जब सदन में चंद्रबाबू भावुक होकर बोल रहे थे तब मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी हंसते हुए नजर आए।
ढ़ाई साल से अपमान सह रहा- नायडू
सदन में चंद्रबाबू नायडू काफी भावुक होते हुए बोले कि, “पिछले ढाई साल से मैं अपमान सह रहा हूं लेकिन शांत रहा। आज उन्होंने मेरी पत्नी को भी निशाना बनाया है। मैं हमेशा सम्मान के साथ रहा, मैं इसे और नहीं सह सकता।”
YSRCP ने बताया ‘नाटक’
चंद्रबाबू नायडू के ऐलान और भावुक होने को सत्तारूढ़ YSRCP ने ‘नाटक’ बताया। कृषि क्षेत्र पर एक संक्षिप्त चर्चा के दौरान सदन में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी निराशा जताई। कहा जा रहा है बाद में पूर्व सीएम नायडू पार्टी विधायकों के साथ अपने कक्ष में फूट-फूटकर रोने भी लगे।
बाद में नायडू सदन में वापस आए और अपने फैसले की घोषणा की। उन्होंने कहा, “जब तक मैं सत्ता में नहीं लौटता, तब तक सदन में नहीं लौटूंगा.”