बागपत : यूपी में एक तरफ जहां बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं, वही सुबे का पुलिस प्रशासन बदमाशों के आगे असहाय नजर आ रहा है। यही कारण है कि यूपी में आये दिन बदमाशों द्वारा बड़े आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला यूपी (UP) के जनपद बागपत (Baghpat) का है, जहां बदमाशों ने एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक शख्स बीजेपी (BJP) का नेता बताया जा रहा है, जो पुर्व में पार्टी के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। फिलहाल पुलिस (Baghpat Police) मामले की छानबीन में जुटी है और कड़ी कार्रवाई की बात कह रही है।
Baghpat : दिन-दहाड़े हुई बीजेपी नेता की हत्या से मचा हड़कंप
दरअसल पुरा मामला बागपत छपरौली थाना क्षेत्र का है, जहां दिन-दहाड़े बदमाशों ने दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दे डाला। इस घटना से पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया। बदमाशों ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस के आलाधिकारी, फोरेंसिक, डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुँचकर जांच में जुट गई। बागपत सांसद ने फोन पर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली।
मॉर्निंग वाक पर निकले थे बीजेपी नेता संजय खोखर
मृतक संजय खोखर पुत्र ओमप्रकाश उम्र 55 वर्ष पट्टी धन्धान थाना छपरौली के रहने वाले थे। संजय खोखर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष भी थे। वर्तमान में वे जिला योजना समिति के सदस्य भी थे। जानकारी के मुताबिक अन्य दिनों की भांति संजय खोखर मंगलवार को छपरौली-तिलवाड़ा मार्ग पर स्थित अपने खेत पर पैदल ही घूमने के लिए निकले थे। सुबह करीब 6:30 बजे जब वे खेत से लौट रहे थे तो खेत से चंद कदम की दूरी पर ही उन्हें बदमाशों ने घेर लिया और उनपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। एक सर में और एक सीने में गोलियां लगने से संजय खोखर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गोलियों की आवाज से आस पास खेतों में काम कर रहे किसानों में भगदड़ मच गईं। किसानों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एडिशन एसपी अनित कुमार, सीओ आलोक सिंह समेत आसपास थाने का पुलिसबल मौके पर पहुँच गया। इसके अलावा फोरेंसिक, डॉग स्क्वायड टीम ने भी मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर ही उनकी हत्या हुई है।
बागपत सांसद डॉ सत्यपाल सिंह ने फोन पर पुलिस अधिकारियों से ली जानकारी
सूचना मिलते ही बागपत सांसद डॉ सत्यपाल सिंह ने फोन पर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी अजय कुमार ने मौके पर पहुँचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि संजय खोखर को दो गोलियां लगी हुई थी और सम्भवतः दो बदमाश बताए जा रहे है। अभी मामला पुरानी रंजिश के चलते होना सामने आया है। मामले की जांच शुरू कर दी गयी है।