जनतंत्र डेस्क, Bihar: मंडप सजा हुआ था, मंगलगीत गाए जा रहे थे। सेहरा पहने दूल्हा, दुल्हन का इंतजार कर रहा था। लेकिन दूल्हा ससुराल से लाड-चाव करवाता उससे पहले ही वह जेल पहुंच गया। जी हां बिहार के खगड़िया में एक युवक के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। युवक, दुल्हन के गले में माला डालता उससे पहले ही उसके हाथ में हथकड़ी लग गई।
पूरा मामला खगड़िया के परबत थाना क्षेत्र के तेमंथा गांव का है जहां गर्लफ्रैंड को छोड़ किसी और लड़की से शादी करने जा रहे युवक को जेल की हवा खनी पड़ी। शादी के बीच झारखंड के धनबाद से पुलिस पहुंची और युवक को अपने साथ ले गई। दरअसल, शादी करने जा रहे युवक राहुल मिश्रा के खिलाफ उसकी प्रेमिका ने शादी का वादा कर शारीरिक शोषण का मामला दर्ज करवाया था। जब प्रेमिका को पता चला की युवक खगड़िया में किसी और से शादी करने जा रहा है तो वह धनबाद से पुलिस को लेकर खगड़िया पहुंच गई।
राहुल मिश्रा अपने चाचा के यहां किसी और लड़की से शादी करने जा रहा था। सूचना मिलने पर दलबल के साथ धनबाद पुलिस बिहार पहुंच गई और युवक को दबोच लिया। वहीं, आरोपी मधेपुरा का रहने वाला है जिसने पता बदलकर खगड़िया में शादी की प्लानिंग की थी। पीड़िता धनबाद के एक स्कूल में शिक्षिका है जहां राहुल भी लिपिक का काम करता है। दोनों ने शादी का वादा किया था। लेकिन मधेपुरा आने के बाद युवक ने नंबर ही बंद कर दिए। जिसके बाद पीड़िता ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी।