जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: बक्सर जिले के डुमरांव से एक डरा देने वाला केस सामने आया है। यहां पर एक फौजी ससुर ने अपने दामाद को गोली मार दी। गोली लगने पर शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के दौरान एक दूसरे शख्स को भी गोली लगी है, जिसका जिले के ही अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक मोनू ने फौजी सुनील पाठक की बेटी से दो साल पहले प्रेम विवाह किया था। तभी से मृतक और फौजी सुनील पाठक के बीच खटपट चल रही थी। मोनू का फौजी सुनील की बेटी से प्रेम विवाह करना हत्या की बड़ी वजह बताया जा रहा है। फौजी सुनील ने इस वारदात को अंजाम तब दिया जब मोनू डुमरांव थाने से महज कुछ ही दूरी पर स्थित एक सैलून में बाल कटवाने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहा था । इस वारदात के दौरान सैलून संचालक को भी गोली लगी है। घायल सैलून संचालक का जिले के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वारदात की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पंहुची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरु कर दी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी फौजी सुनील अपने बयान में कह रहा है कि पहले मोनू ने उस पर गोली चलाई थी। आत्मरक्षा में उसे भी गोली चलानी पड़ी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है।