नई दिल्ली: देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कुछ खास राज्यों में ही तेजी से बढ़े इन मामलों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार को 34 दिन बाद देश में सबसे ज्यादा 17,407 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 89 लोगों की मौत हुई है। 17 हजार से ज्यादा मामले आखिरी बार बीती 29 जनवरी को दर्ज किए गए थे। तब कोरोना के एक दिन में 18 हजार 555 मामले सामने आए थे। नए मामलों में सबसे ज्यादा 9,855 मामले महाराष्ट्र से और 2,765 मामले केरल के हैं।
Corona Alert: सरकार ने किये 14 मार्च तक स्कूल-कॉलेज, कोचिंग बंद
स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी किए आंकड़े
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह आठ बजे जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या एक करोड़ 11 लाख 56 हजार 923 पहुंच गई है। इनमें से एक लाख 57 हजार 435 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या फिलहाल एक लाख 73 हजार 413 है। वहीं अस्पताल से छुट्टी पाने वालों की संख्या एक करोड़ 8 लाख 26 हजार 75 हो गई है।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान ने किया ट्वीट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) ने ट्वीट कर बताया है कि देश में बुधवार तक कुल 21 करोड़ 91 लाख 78 हजार 908 नमूनों की कोरोना जांच की जा चुकी है। सात लाख 75 हजार 631 नमूनों की जांच बुधवार को की गई। बता दें कि महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, तमिलनाडु, गुजरात और कर्नाटक में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में वृद्धि जारी है। पिछले 24 घंटे में इस महामारी के सामने आए नए मामलों में से करीब 85.51 फीसद मामले इन्हीं राज्यों में दर्ज किए गए।