जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: केजरीवाल सरकार ने दिल्ली वासियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया कि, दिल्ली वासियों को आगे भी मुफ्त राशन योजना का लाभ मिलता रहेगा। कोरोना और लॉकडाउन की वजह से लोगों पर आर्थिक असर पड़ा है। इसके अलावा मुफ्त राशन योजना भी 30 नवंबर को खत्म हो रही थी। ऐसे में सीएम अरविंद केजरीवाल ने गरीब लोगों की आर्थिक स्थिति को समझा और निर्णय लिया कि दिल्ली में लोगों को मुफ्त राशन मिलता रहेगा।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि फ्री में राशन देने की अवधि खत्म हो गई है। इसे अब छह महीने के लिए और आगे बढ़ाया जा रहा है। दिल्ली में अब लोगों को एक दिसंबर 2021 से 31 मई 2022 तक फ्री में राशन दिया जाएगा। सीएम केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की कैबिनेट ने एक और अहम निर्णय लिया है। जब से दिल्ली में कोरोना काल शुरू हुआ है, तब से हम दिल्ली में लोगों को फ्री में राशन दे रहे हैं। जो लोग राशन कार्ड से अपना राशन लेने आते हैं, उनको फ्री में राशन दिया जाता है।
केंद्र सरकार से राशन योजना बढ़ाने की मांग
सीएम अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि देश में इस वक्त कमरतोड़ महंगाई है। एक आम आदमी को दो वक्त की रोटी मिलनी मुश्किल हो रही है। कोरोना काल में कई लोगों के रोजगार चले गए। उनके पास कमाई का कोई साधन नहीं है। ऐसे में मेरी आपसे विनती है कि केंद्र सरकार लोगों को अतिरिक्त मुफ्त राशन देने की यह योजना छह महीने के लिए बढ़ा दें। दिल्ली सरकार लोगों को हर महीने मिलने वाला राशन मुफ्त देने की योजना छह महीने के लिए बढ़ा रही है। आपकी अति कृपा होगी।
पहले भी बढ़ाई गई थी योजना
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में गत 5 अक्टूबर 2021 को कैबिनेट की बैठक हुई थी। बैठक में कोविड-19 महामारी के जारी रहने तक गैर पीडीएस गरीब परिवारों, प्रवासी कामगारों और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आगे भी मुफ्त राशन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया था। कोविड-19 की वजह से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। 25 मई 2021 को केजरीवाल के नेतृत्व में आयोजित कैबिनेट की बैठक में ऐसे जरूरतमंद लोगों को मुफ्त राशन (खाद्यान्न) देने का निर्णय लिया गया था।