जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: 26 जनवरी को दिल्ली के विवेक विहार में महिला के साथ हुई हैवानियत के मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीड़िता को हकसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। सीएम केजरीवाल ने पीड़ित महिला को 10 लाख रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है।
आम आदमी पार्टी की ओर से कहा गया कि कस्तूरबा नगर घटना की पीड़ित लड़की की मदद के लिए दिल्ली सरकार आगे आई है। सरकार ने 10 लाख सहायता राशि का ऑर्डर जारी किया है। इसके अलावा पीड़िता की मदद के लिए वकील भी नियुक्त किया गया है।
दिल्ली विवेक विहार गैंगरेप केस में 9 गिरफ्तार, हैवानियत के बाद महिलाओं ने भी दी यातना
केस को फास्ट ट्रैक करेगी सरकार
पार्टी की ओर से कहा गया कि गणतंत्र दिवस के दिन कस्तूरबा नगर में महिला के साथ हुई इस जघन्य वारदात के मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा। इससे पहले सीएम अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल अनिल बैजल और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अपराधियों के खिलाफ एक्शन लेने को कहा था।
अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने अब तक इस मामले 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सात महिलाएं भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस के दिन राजधानी दिल्ली में शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया था। यहां एक महिला का कुछ लोगों ने किडनैप किया और फिर उसके साथ गैंगरेप की जघन्य वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं फिर महिलाओं ने ही उसका सिर मूंडकर उसे सड़कों पर घुमाया। पीड़िता का मुंह भी काला कर दिया और चप्पलों की माला पहना दी गई। उसकी पिटाई की गई जिसमें नाबालिग भी शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में अपहरण और सामुहिक दुष्कर्म की धाराओं सहित भारतीय दंड संहिता की धाराएं जोड़ी हैं।