जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: अग्निपथ योजना की वापसी की मांग को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए कुछ संगठनों की ओर से आज भारत बंद करने की घोषणा की है। इसे लेकर कई जगह आगजनी और हिंसा की घटना भी सामने आई है। हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए उत्तर प्रदेश के नोएडा में धारा 144 लागू की गई है और कई जगह स्कूलों को बंद रखा गया है। इसके अलावा इंटरनेट सेवा भी बाधित रहेगी। आरएएफ और जीआरपी को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इसके साथ ही सुरक्षा बलों को हिंसा करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली पुलिस ने किया अलर्ट
दिल्ली पुलिस ने आम लोगों से दिल्ली के मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, मान सिंह रोड, तुगलक रोड पर ना जाने की अपील की है। वहीं दिल्ली में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी बॉर्डर पर सख्ती बढ़ा दी गई है।
नोएडा में धारा 144 लागू
राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा के गौतम बुध्द नगर में धारा 144 लागू की गई। आपको बता दें ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन को लेकर 200 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
हरियाणा में बढ़ाई गई सुरक्षा
भारत बंद को हरियाणा में भी लेकर अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए फरीदाबाद में तकरीबन 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
बिहार में इंटरनेट सेवाएं बंद
अग्निपथ योजना के विरोध का सबसे ज्यादा असर बिहार में देखा जा रहा है। बिहार के 20 जिलों में इंटरनेट सेवा को बंद किया गया। बिहार में हिंसक प्रदर्शन के बाद RPF अलर्ट है।
पंजाब में भी अलर्ट जारी
सेना में भर्ती के लिए शुरू की गई नई अग्निपथ योजना के खिलाफ आज भारत बंद के मद्देनजर पंजाब पुलिस ने भी अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। पंजाब में सभी बड़े सैन्य कोचिंग संस्थानों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
झारखंड में स्कूल बंद
अग्निपथ योजना के विरोध में भारत बंद को लेकर झारखंड के शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी है कि छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए सोमवार के दिन झारखंड में सभी स्कूल बंद रहेंगे।
केरल में भी अलर्ट जारी
केरल पुलिस ने भी भारत बंद को लेकर अपनी तैयारी को मजबूत कर लिया है। केरल पुलिस के सभी जवान ड्यूटी पर रहेंगे। इस दौरान अगर कोई उपद्रवी हिंसा फैलाने की कोशिश करता है तो उसे केरल पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके अलावा पुलिस प्रमुख ने भारत बंद के दौरान कोर्ट,केएसएबी ऑफिस, केएसआरटीसी निजी बसों के साथ- साथ सरकारी दफ्तर और संस्थानों को विशेष सुरक्षा देने की बात कही गई है।