नई दिल्ली- एनसीआर में प्रदूषण से जरा भी राहत नहीं है। गुरुवार सुबह भी एयर क्वालिटी इंडेक्स के आंकड़े चिंता वाले रहे। वहीं एयर क्वालिटी इंडेक्स घटने की जगह बढ़ता ही जा रहा हैं। आपको बता दे कि दिल्ली के आनंदविहार इलाके में जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स 466 है, वहीं अलीपुर में यह आंकड़ा 440 हो गया है। अशोक नगर में एयर क्वालिटी इंडेक्स 441 है, वहीं द्वारका सेक्टर 8 में ये आंकड़े 402 पर पहुंच गए हैं।
जहांगीर पुरी में एयर क्वालिटी इंडेक्स 427 है और विवेक विहार में एयर क्वालिटी इंडेक्स 452 तक पहुंच गया है। दिवाली के बाद वायु प्रदूषण में हुए इजाफे के साथ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में अधिकतर सांस की तकलीफ और आंखों की समस्याओं से घिरे लोग शामिल हैं।
वहीं दिल्ली सरकार ने एक सर्कुलर जारी कर सभी स्कूलों से बाहरी गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्देश जारी किया है। सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा जारी किए गए इस सर्कुलर में कहा गया है कि जब तक राजधानी में प्रदूषण का स्तर नियंत्रण में नहीं आ जाता तब तक स्कूल में होने वाली बाहरी गतिविधियों पर रोक लगाई जाए।
इससे पहले दिल्ली सरकार ने राजधानी के स्कूलों में मास्क बांटने का ऐलान किया था। ये मास्क एक नवंबर से बांटे जाएंगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरी दिल्ली में एन 95 वाले कुल 50 लाख मास्क बांटे जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के राजीव चौक सेंट्रल पार्क में किया गया लेजर शो एक नया प्रयोग था, जिसमें हर तबके के लोगों ने हिस्सा लिया था। उन्होंने इसके लिए उपराज्यपाल का भी धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में पटाखे कम जले, अगर लेजर शो का आयोजन न करते तो ज्यादा पटाखे जलते। साथ ही उन्होंने माना कि मंगलवार से दिल्ली का बुरा हाल है, चारों तरफ धुआं-धुआं है। पड़ोसी राज्यों में जल रही पराली से दिल्ली में हवा दूषित है। जिसका स्तर बढ़ता ही जा रहा है।