केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का जन्मदिन आज
नई दिल्ली – भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का आज जन्मदिन है। इस मौके पर अमित शाह को ढेरों जन्मदिन की बधाईयां मिल रही हैं। सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमित शाह को बधाई देते हुए कहा, ‘कर्मठ, अनुभवी, कुशल संगठनकर्ता और मंत्रिमंडल के सहयोगी अमित शाह जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं।
सरकार में बहुमूल्य भूमिका निभाने के साथ ही वे भारत को सशक्त और सुरक्षित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु करे और सदा स्वस्थ रखे। हालांकि बाकी भाजपा नेताओं ने भी अमित शाह को बधाईयां दी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अमित शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। राजनाथ सिंह ने एक ट्वीट में कहा, ‘जुझारू, परिश्रमी एवं कुशल रणनीतिकार तथा मंत्रिमंडल में साथ काम करने वाले अमित शाह को जन्मदिवस की ढेरों शुभकामनाएं। देश के गृहमंत्री के रूप में वे आंतरिक सुरक्षा को और अधिक मज़बूत करने के लिए काम कर रहे हैं। मैं उनके दीर्घायु होने की और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।
वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अमित शाह को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘अद्भुत राजनीतिक प्रतिभा के धनी, कुशल रणनीतिकार, नए भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयत्नशील,भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं देश के यशस्वी गृह मंत्री अमित शाह को उनके जन्मदिन पर अनंत शुभकामनाएं। ईश्वर से उनके स्वास्थ्य, समृद्ध एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।