जनतंत्र डेस्क नई दिल्ली: दिल्ली में बारिश के इंतेजार की घड़ियां खत्म ही होने वाली हैं। बता दें कि भारत की राजधानी दिल्ली के लोगो को प्री मॉनसून गतिविधियों के शुरू होने के साथ ही गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में आज 14 जून से 20 जून तक यानी एक हफ्ते गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी में आज न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम में बदलाव होने से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
IMD ने अपने पूर्वानुमान में बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी से निजात मिल सकती है. दरअसल, इस क्षेत्र में 16 और 17 जून को बारिश होने का अनुमान है। वहीं, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश के आसार हैं।