जनतंत्र डेस्क Education: दिल्ली सरकार के एजुकेशन मॉडल का हर कोई मुरीद है। आपको याद होगा, जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप नमस्ते ट्रंप के तहत भारत आए थे। तब उन्होंने भी दिल्ली की सरकारी स्कूलों की तारीफ की थी। दिल्ली के एजुकेशन मॉडल को अब अन्य राज्यों में भी फॉलो किया जाने लगा है। इसी क्रम में महाराष्ट्र के शिक्षामंत्री प्राजक्त तनपुरे ने दिल्ली के एजुकेशन मॉडल को समझने के लिए दिल्ली की सरकारी स्कूलों का दौरा किया। प्राजक्त तनपुरे ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ 2 सरकारी स्कूलों में पहुंचे।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री प्राजक्त तनपुरे ने दिल्ली के आदर्श सरकारी स्कूल के मॉडल को समझने के लिए सर्वोदय बाल विद्यालय, वेस्ट विनोद नगर और स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस खिचड़ीपुर का दौरा किया| यहां प्राजक्त तनपुरे ने बच्चों से बात कर हैप्पीनेस करिकुलम के बारे में जाना| उन्होंने अपने विजिट के दौरान देशभक्ति करिकुलम और स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एजुकेशन के मॉडल को भी समझा।
बिजनेस ब्लास्टर्स प्रोग्राम के मुरीद
प्राजक्त तनपुरे सरकारी स्कूलों में बिजनेस ब्लास्टर्स प्रोग्राम के मॉडल से काफी प्रभावित हुए। इस दौरान उन्होंने समझा कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों में एंत्रप्रेन्योर्स तैयार हो रहे हैं। इस दौरान प्राजक्त तनपुरे ने कहा कि, दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चों से मिलकर मैं बहुत प्रभावित हुआ हूं| हम दिल्ली के सरकारी स्कूलों के विजिट से मिली लर्निंग के माध्यम से इस एजुकेशन मॉडल को महाराष्ट्र के स्कूलों में भी अपनाएंगे।
शिक्षा के मॉडल में महाराष्ट्र का सहयोग करेगी दिल्ली सरकार
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली सरकार महाराष्ट्र सरकार की सहायता करने के लिए तैयार है| इस तरह एक दूसरे से सीखकर और मिलकर काम करने से देश की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव लाया जा सकता है| वहीं, प्राजक्त तनपुरे ने कहा कि, दिल्ली के एजुकेशन मॉडल की पूरे भारत में चर्चा है। मैंने इस एजुकेशन मॉडल के बारे में काफी सुना इसलिए इसे समझने दिल्ली आया।