जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कृषि के तीन विवादित कानून वापस लिए जाने के बाद किसानों में जश्न का माहौल है। वहीं, विपक्ष भी सरकार के इस फैसले का स्वागत कर रहा है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सिंघु बॉर्डर पहुंचकर आंदोलन कर रहे किसानों के साथ खुशियां साझा की। ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने किसानों को मिठाई खिलाकर इस जीत पर बधाई दी।
किसानों के आंदोलन की सबसे बड़ी गवाह सिंघू बॉर्डर की भूमि पर ‘आप’ नेता पहुंचे। इस दौरान विधायक संजीव झा, अजेश यादव, वंदना कुमारी समेत कई विधायक और कार्यकर्ता किसानों से मिले। सभी नेताओं ने सिंघु बॉर्डर पहुंचकर आंदोलन कर रहे किसानों को मिठाई बांटी और उनके साथ खुशियां साझा की। आम आदमी पार्टी का मानना है कि यह किसानों, संविधान और देश की जीत है।
आम आदमी पार्टी शुरू से लगातार नए कृषि कानून जो केंद्र सरकार लेकर आई थी, उनका विरोध कर रही थी। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता, विधायक, सांसद, मंत्री, मुख्यमंत्री सहित सभी सड़क से लेकर संसद तक इस बिल का विरोध कर रहे थे। किसान पिछले 1 साल से सड़क पर थे। सर्दी, गर्मी, बरसात झेलते हुए किसानों ने अपना आंदोलन जारी रखा। उनकी एक ही मांग थी कि यह कानून वापस हों। किसानों के संघर्ष के आगे आज देश की सरकार झुकी है। देश के प्रधानमंत्री ने ऐलान किया कि वह इस बिल को वापस लेंगे।