जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: दिल्ली का सफदरजंग रेलवे स्टेशन ‘हमारा श्रवण कुमार केजरीवाल’ के नारों से गूंज उठा। मौका था, ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा’ योजना के तहत अयोध्या दर्शन के लिए दिल्ली से तीर्थ यात्रियों की पहली ट्रेन की रवानगी का। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुद रेलवे स्टेशन जाकर अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे दिल्ली के बुजुर्गों की ट्रेन को रवाना किया। मुख्यमंत्री ने यात्रियों से बात की और दिल्ली सरकार की तरफ से यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान तीर्थ यात्रा पर जा रहे यात्रियों में भारी उत्साह का माहौल रहा और उन्होंने दिल से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दुआएं दीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि तीर्थ यात्रियों को विदा करने के लिए दिल्ली सरकार ने स्टेशन पर कार्यक्रम रखा था। केंद्र सरकार ने कार्यक्रम करने देने से मना कर दिया। मैं केंद्र सरकार से कहना चाहता हूं कि इस क़िस्म का व्यवहार सही नहीं है। बुढ़ापे में किसी को तीर्थ यात्रा करने का मौका मिल जाए, तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहता है। मुझे तीर्थ यात्रियों से मिलकर और उनकों खुश देखकर बहुत अच्छा लगा।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दिशा-निर्देश पर दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 3 अक्टुबर को दिल्ली से तीर्थ यात्रियों का पहला जत्था अयोध्या दर्शन के लिए रवाना हुआ। जिसमें करीब एक हजार लोग शामिल थे। सफदरजंग रेलवे स्टेशन से दिल्ली के यात्रियों के जत्थे को लेकर ट्रेन रवाना हुई, जिसे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रवाना किया। पहले तीर्थ यात्रियों को बस के जरिए रेलवे स्टेशन पर तक लाया गया। इस दौरान तीर्थ यात्रियों ने हमारा श्रवण कुमार “केजरीवाल”’ के जमकर नारे लगाए।