श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, उनकी पार्टी पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के वरिष्ठ नेता मोहम्मद खलील बंद ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। खलील पुलवामा के जिला अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने इस्तीफा देने के पीछे पार्टी की बदलती कार्यशैली और सिद्धांतों को बताया है।
एक खत में खलील ने बताया कि मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद पार्टी के मूल सिद्धांतों के साथ समझौता किया गया है। उन्होंने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ चेहरों को फैसला लेने वाली प्रक्रिया से दरकिनार कर दिया गया और निहित स्वार्थों के लिए खुद को तबाह करने वाले फैसले लिए गए।
इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि पार्टी ने अनुभवी और बुद्धिजीवियों को नजरअंदाज कर प्रताड़ित किया है। इसकी वजह से वह महबूबा मुफ्ती के कार्यकाल में घुटन महसूस करने लगे। खलीला के पार्टी छोड़ने के पीछे भी यही कारण माना जा रहा है।