जनतंत्र डेस्क Gujarat: बात जब श्मशान घाट की हो तो हमारे जेहन में क्या आएगा। शायद डर, एक ऐसी जगह जहां जाकर सिर्फ निराशा होती है। हर कोई श्मशान घाट जाने से डरता ही है। लेकिन गुजरात के अमलशाड शहर में बने ‘उड़ान श्मशान’ में जाकर आपकी सोच बदल जाएगी। मन में निराशा भरे नहीं, बेहद सकारात्मक ख्याल आएंगे। यहां सालों पुराने बेहद खस्ता हाल श्मशान घाट का कायाकल्प किया गया। जिसके बाद आप कहेंगे ये तो खूबसूरत लैंडस्कैपिंग के साथ बगीचा तैयार हो गया। यहां उत्तर दिशा की ओर से प्रवेश करते समय श्मशान का हिस्सा दिखाई नहीं देता। जब आप अंदर की ओर आते हैं, तब दो चिमनियां, विशाल त्रिशूल और शिव की बड़ी मूर्ति दिखाई देती है। अब यह श्मशान घाट एक टुरिस्ट प्लेस बन गया। जहां बच्चे-बूढ़े जवान सब घूमने आते हैं।
दरअसल, गुजरात के छोटे से शहर अमलसाड के अंधेश्वर महादेव ट्रस्ट ने यहां वर्षों पुराने श्मशान को नया रूप देने का फैसला किया था। इसके लिए उन्होंने आर्किटेक्ट हिमांशु पटेल से संपर्क किया। ट्रस्ट के सभी लोग चाहते थे कि श्मशान की जगह पर कुछ ऐसा काम हो जो लोगों की सोच को बदल दे। जिसके बाद आर्किटेक्ट हिमांशु पटेल से मिलकर ट्रस्ट के लोगों ने खूबसूरत और भव्य गार्डन बनाने का फैसला किया।
Gujarat: इको फ्रेंडली पार्क
यहां गार्डन बनाने के लिए फंड और डोनेशन से पैसे लिए गए। चूंकी लागत कम हो इसके लिए स्थानीय चिकली के काले पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है। वहीं छत बनाने के लिए पत्थरों के साथ मिट्टी का उपयोग किया गया है, ताकि यह प्रोजक्ट पूरी तरह से ईको-फ्रेंडली बनाया जा सके। उड़ान श्मसान दो एकड़ जमीन पर बनाया गया है। उत्तर और पश्चिम दिशा की ओर इसके एंट्री गेट बनाए गए हैं। पश्चिम की ओर पांच मीटर की ढलान है, जो नीचे की ओर जाती है और इससे यह पूरी जगह दो हिस्सों में बट जाती है। ऊपरी स्तर में सार्वजनिक बाग बगीचे हैं, और निचले स्तर पर मुक्ति धाम बनाया हुआ है। साथ ही ऊपर की ओर गार्डन में खूबसूरत लैंडस्कैपिंग की गई है। जो वास्तुकला का बेहतरीन नमूना है।
उड़ान में वॉकिंग कॉरिडोर और बच्चों के लिए खेलने की जगह भी बनाई गई है। साथ ही भगवान शिव की विशाल मूर्ति लगाकर सुविचारों के साथ धार्मिक माहौल तैयार किया गया है। इसके साथ यहां प्रार्थना सभा के लिए भी खास इंतजाम किया गया है। कोरोनाकाल के दौरान भी यहां बच्चों से लेकर बूढ़े तक सभी वॉकिंग, एक्सरसाइज या योग करने आते थे। इसे बहुत ही सुन्दर ढंग से बनाया गया है। किसी श्मशान घाट को भी इंतना सुंदर और सकारात्मक बनाया जा सकता है। इसको सच कर दिखाया उड़ान के निर्माताओं ने।