जनतंत्र डेस्क, नई दिल्ली: दिल्ली की सीमाओं पर एक साल से ज्यादा वक्त से डटे किसान अब आंदोलन स्थगित कर घर लौटने लगे हैं। जगह जगह किसानों का स्वागत किया जा रहा है। किसान नाचते गाते घर को लौट रहे हैं। इन जश्न की तस्वीरों के बीच एक दुखद खबर आई है। सिंघु और टीकरी बॉर्डर से आंदोलन खत्म कर घर लौट रहे पंजाब के किसानों की ट्रॉली को हिसार में नेशनल हाईवे 9 पर एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 2 किसानों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए हैं।
घर को लौटे अन्नदाता: सिंघु बॉर्डर से हटा SKM का मंच, टिकरी से जश्न मनाते किसानों ने की वापसी
शनिवार सुबह 7 बजे ये हादसा हिसार के NH9 पर ढंडूर गांव के पास हुआ। इस हादसे में पंजाब के मुक्तसर साहिब निवासी किसान सुखविंदर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल 8 किसानों में से एक अजयप्रीत ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। किसानों की ट्रॉली हाईवे से गुजर रही थी। जब किसानों का काफिला हिसार में ढ़ंडूर के पास बगला रोड मोड़ के पास पहुंचा तो पीछे से तेज गति से आए एक ट्रक ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से ट्रॉली मौके पर ही पलट गई। इसी दौरान ट्रॉली का एक्सल भी टूट गया और वह आगे वाली ट्रॉली में घुस गई। जिसमें किसान सो रहे थे।
आंदोलन में 700 किसानों की मौत
कृषि कानून वापसी की मांग को लेकर एक साल से अन्नदाता देशभर में आंदोलन कर रहे थे। दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का आंदोलन व्यापक रूप से चल रहा था। लगातार किसानों की एक ही मांग थी कि कृषि कानून वापस लिए जाएं। किसानों के इस सबसे बड़े आंदोलन में 700 से ज्यादा किसानों ने जान गंवा दी। अब जब किसान कानून वापसी का जश्न मना रहे हैं, तब भी दुखद हादसे नहीं थमें और घर को लौटते 2 किसानों की हादसे में मौत हो गई।