कासगंज: जिले में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए 30 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। डीएम सीपी सिंह के निर्देश पर एडीएम अजय कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को इसका आदेश जारी कर दिया है। इसके तहत रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक जन सामान्य की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नाइट कर्फ्यू का पालन करें।
Up Corona : अस्पतालों में बेड की कमी, सरकार धारा 144 के बाद लगा सकती है लॉकडाउन
एडीएम ने दी जानकारी
एडीएम अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में नाइट कर्फ्यू लागू किया गया है। इसके तहत व्यापारी अपने प्रतिष्ठान रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक बंद रखेंगे। इस दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों के आवागमन पर प्रतिबंध नहीं होगा। रेल, बस का टिकट पास की तरह मान्य किया जाएगा। यात्रियों को टिकट अनिवार्य रूप से रखना होगा।
परिचय पत्र जरूरी
सभी प्रकार के माल व वाहक वाहनों के आवागमन पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर परिवहन जारी रहेगा। पेट्रोल पंप स्टेशन संचालित रहेंगे। जरूरी सेवाओं से संबंधित अधिकारी, कर्मचारियों के आवागमन पर प्रतिबंध नहीं रहेगा। परिचय पत्र होना अनिवार्य है।