नई दिल्ली: देश के ज्यादातर इलाकों में बारिश का कहर लगातार जारी है। पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश से देश के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। इससे लाखों-करोड़ों लोग प्रभावित हुए हैं। महाराष्ट्र के कई इलाकों में पिछले महीने से ही बारिश का कहर जारी है, जिससे जीन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
महाराष्ट्र में लोगों का हाल बेहाल
हाराष्ट्र के कोल्हापुर में भीषण बारिश ने लोगों की जिंदगी नर्क बना दी है। भारी बारिश से गांव के गांव डूब गये है। सड़कों पर भी जलजमाव होने से यातायात ठप्प हो गया है। लाखों लोग इस सैलाब में फंस गये, जिसके बाद भारतीय नेवी की टीम ने लोगों को वहां से बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया।
कोल्हापुर की तरह ही महाराष्ट्र का गढ़चिरौली ज़िला भी बाढ़ और बारिश की मार झेल रहा है। यहां चारों ओर सिर्फ पानी ही पानी फैला हुआ है। भारी बारिश से नदियों का पानी पूरे उफान पर है और इस पानी की चपेट में आकर पूरा इलाका जलमग्न हो गया। इससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। पानी भर जाने से कई लोग इन इलाकों को छोड़कर जा चुके हैं।
कर्नाटक में भी बुरा हाल
कर्नाटक में भी भारी बारिश के चलते राज्य के उत्तरी इलाकों में बाढ़ का असर देखने को मिल रहा है। भारी बारिश के बाद मडिकेरी क्षेत्र में 90 से ज्यादा लोग बाढ़ में फंस गये। राहत बचाव की टीम ने इन लोगों को यहां से निकाला और इन लोगों को राहत केन्द्रों में ले गये। राज्य में भारी बारिश के चलते अलर्ट जारी कर दिया गया है वहीं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कई ट्रेनों को या तो रद्द कर दी गयी है या फिर उनके रूट को बदल दिया गया है।
केरल, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी मूसलाधार बारिश ने लोगों के जीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है।