नई दिल्ली: Luv Kush Ramlila: लव कुश मैदान की रामलीला में इस बार भी भारत सरकार के कुछ मंत्री और सांसद किरदार की भूमिका निभा सकते हैं। लव कुश लीला कमेटी के प्रधान अशोक अग्रवाल ने बताया कि आज एक शिष्टमंडल केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से भेंट करने गया। उस समय मेघवाल ने कहा कि वह भी राम लीला मैदान में आएँगे। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि वे रामलीला में प्रभु राम के भजन गाकर अपनी भावना भी व्यक्त करेंगे।
यह भी पढ़ें – Big Update: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद स्पेशल ट्रेन से जाएँगे अयोध्या, राम मंदिर निर्माण स्थल का करेंगे दौरा
Luv Kush Ramlila: केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल गाएँगे भजन
उल्लेखनीय है कि अर्जुन कुमार, अंकुश अग्रवाल और शिवम के शिष्टमंडल ने जब मेघवाल को लीला में आने का निमंत्रण दिया तब उन्होंने कहा कि वह लीला का अवलोकन भी करेंगे और भजन गायन भी करेंगे। कमेटी के प्रधान अग्रवाल ने बताया कि और मंत्रियों से भी बातचीत चल रही है और उम्मीद की जाती है कि लीला के अवलोकन के लिए मुंबई के फिल्मी सितारों के अतिरिक्त राजनेता भी भाग लेंगे। देश की सबसे विशाल और देश विदेश में लोकप्रिय लव कुश रामलीला कमिटी ने आज लीला कमिटी कार्यालय सिविल लाईन में आज से ही रामलीला की तैयारियाँ शुरू कर दी हैं।
Luv Kush Ramlila: रामलीला में प्रयोग होने वाले शस्त्रों की हुई पूजा
आपको बता दें कि रामलीला इस साल 6 अक्तूबर से 16 अक्तूबर को आयोजित होगी। आज रामलीला में प्रयोग होने वाले सभी शस्त्रों की विधिवत पूजा अर्चना की गई। लव कुश रामलीला के पंजीकृत दफतर में आज रामलीला के प्रेजिडेंट अशोक अग्रवाल, सचिव अर्जुन कुमार के साथ रामलीला के अन्य पदाधिकारियों ने इस साल में रामलीला में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान, लंकापति रावण, कुम्भकरण, मेघनाथ और अन्य कलाकारों दवारा प्रयोग होने वाले शस्त्रों की पूजा का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इनमें तलवार, तीर-कमान, गदा सहित कई अन्य शस्त्र शामिल थे।